Ludhiana Crime News : लुधियाना जिले के थाना सुधार क्षेत्र के अंतर्गत आते गांव बुर्ज लिट्टां में एक 25 वर्षीय गर्भवती महिला की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान हरप्रीत कौर के रूप में हुई है, जो तीन महीने की गर्भवती थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मायका पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। मायके वालों ने मृतका के पति पर नशा करके मारपीट करने और गला घोंटकर हत्या करने के सीधे आरोप लगाए हैं।
सुधारने का झांसा देकर मायके से लाया था पति
घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए अहमदगढ़ मंडी के पास स्थित गांव घूंघराणा निवासी हरप्रीत के परिजनों ने बताया कि शादी के बाद से ही हरप्रीत घरेलू विवादों और पति की नशे की आदत से बेहद परेशान थी। तंग आकर वह पिछले कुछ समय से अपने मायके में ही रह रही थी। परिजनों के मुताबिक, बीती रविवार को उसका पति जसप्रीत सिंह घूंघराणा आया और आगे से नशा न करने व ठीक से रखने की कसम खाकर हरप्रीत को वापस बुर्ज लिट्टां ले गया था।
सोमवार रात को दिया वारदात को अंजाम
मायके पक्ष का आरोप है कि घर लौटते ही जसप्रीत के सुर बदल गए। सोमवार रात वह कथित तौर पर भारी नशे की हालत में घर पहुंचा और हरप्रीत के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद उसने हरप्रीत का गला घोंट दिया, जिससे उसकी और पेट में पल रहे तीन महीने के अनजन्मे बच्चे की मौत हो गई। परिजनों का यह भी दावा है कि शरीर पर कई जगह चोटों के निशान हैं और आरोपी ने इस हत्या को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास भी किया।
पुलिस ने दो को हिरासत में लिया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना सुधार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति जसप्रीत सिंह और उसके दादा जोगिंदर सिंह को हिरासत में ले लिया है। थाना सुधार के प्रभारी कुलविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि परिजनों के बयानों के आधार पर जांच की जा रही है और मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

