Mahendragarh : लाइब्रेरी में पढ़ने गई 25 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
प्रतीकात्मक फोटो
Mahendragarh : कनीना क्षेत्र के एक गांव से लाइब्रेरी पढ़ने के लिए निकली 25 वर्षीय युवती के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी।
परिजनों द्वारा काफी तलाश करने और कोई सुराग न मिलने पर युवती के पिता ने थाना सदर कनीना में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रोजाना जाती थी लाइब्रेरी
पुलिस को दी गई शिकायत में युवती के पिता ने बताया कि उनकी बेटी रोज की तरह नियमित रूप से लाइब्रेरी जाने के लिए घर से रवाना हुई थी। तय समय पर उसके वापस न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।
इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों में उसकी गहन तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
मोबाइल फोन है साथ, बंधक बनाने की आशंका जताई
परिजनों के अनुसार, लापता युवती का मोबाइल फोन भी उसी के पास है। पिता ने पुलिस को दी गई शिकायत में आशंका जताई है कि उनकी बेटी को किसी अज्ञात व्यक्ति ने कहीं बंधक बनाकर रखा हो सकता है।
उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द युवती का सुराग लगाकर उसे सुरक्षित बरामद किया जाए और इस मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस जांच में जुटी, BNS के तहत मामला दर्ज
थाना सदर कनीना पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की लोकेशन और सुराग का पता लगाने के लिए उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) निकलवाई जा रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
यह भी देखें – महेन्द्रगढ़ में चमकेगा नारनौल-दादरी रोड, ₹1.62 करोड़ की लागत से लग रही हैं अत्याधुनिक स्ट्रीट लाइटें
