Mahendragarh : महेन्द्रगढ़ में चमकेगा नारनौल-दादरी रोड, ₹1.62 करोड़ की लागत से लग रही हैं अत्याधुनिक स्ट्रीट लाइटें
Mahendragarh : महेन्द्रगढ़ में चमकेगा नारनौल-दादरी रोड, ₹1.62 करोड़ की लागत से लग रही हैं अत्याधुनिक स्ट्रीट लाइटें
Mahendragarh : शहर के सौंदर्यीकरण और रात के समय आवागमन को सुरक्षित व सुगम बनाने के लिए नारनौल-दादरी रोड (NH-148B) पर डिवाइडर के बीच अत्याधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।
इस पूरी परियोजना पर लगभग 1 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत आ रही है। वर्तमान में रोड के बीच भूमिगत (अंडरग्राउंड) विद्युत केबल बिछाने का काम तेजी से निपटाया जा रहा है।

नगर पालिका चेयरमैन ने लिया विकास कार्यों का जायजा
नगर पालिका प्रधान रमेश सैनी ने मौके पर पहुंचकर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसी को हिदायत दी कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता न हो और शेष बचे काम को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी 3 से 4 दिनों में यह कार्य पूरी तरह संपन्न कर लिया जाएगा।
4 अलग-अलग पॉइंट पर लगेंगे एनर्जी मीटर
इस बड़ी परियोजना को सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति देने के लिए शहर में चार अलग-अलग पॉइंट पर बिजली के एनर्जी मीटर कनेक्शन लिए जाएंगे। इस संबंध में PWD B&R की इलेक्ट्रिकल सब-डिवीजन (नारनौल) द्वारा 25 सितंबर को नगरपालिका के म्युनिसिपल इंजीनियर को एक आधिकारिक पत्र भी भेजा गया है। पत्र में कार्य के जल्द पूरा होने की बात कहते हुए बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया को तुरंत शुरू करने का आग्रह किया गया है।
कुल 40 KW लोड से चमकेगा NH-148B
सरकारी विभाग द्वारा जारी रूपरेखा के अनुसार, पूरी सड़क को चार हिस्सों में बांटकर कुल 40 किलोवाट (KW) का विद्युत लोड निर्धारित किया गया है, जिसके तहत मुख्य क्षेत्र शामिल हैं –
-
रेलवे ओवरब्रिज से राव तुलाराम चौक: 10 किलोवाट (KW)
-
राव तुलाराम चौक से सतनाली चौक: 8 किलोवाट (KW)
-
सतनाली चौक से बडेरवाल सिटी: 10 किलोवाट (KW)
-
बडेरवाल सिटी से सैनी चौक: 12 किलोवाट (KW)
प्रधान ने दिए जल्द काम पूरा करने के निर्देश
स्ट्रीट लाइटों का काम पूरा होते ही शहर तुरंत रोशनी से सराबोर हो सके, इसके लिए नगरपालिका प्रधान रमेश सैनी ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर चारों बिजली मीटर कनेक्शन की कागजी व तकनीकी प्रक्रिया तत्काल पूरी करने के आदेश दिए हैं।
उनका कहना है कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल शहर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि रात के समय वाहन चालकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
यह भी देखें – नारनौल मंडी में अब तक कटे 85 गेट पास, किसानों को सरकारी खरीद शुरू होने का इंतजार
