Mahendragarh : जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए महेंद्रगढ़ पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए स्थानीय पुलिस ने एक बोलेरो गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है।
पुलिस ने मौके से आरोपी को दबोचते हुए गाड़ी और शराब को जब्त कर आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
गश्त के दौरान कनीना-महेंद्रगढ़ मार्ग पर नाकाबंदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात को सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम गांव चेलावास के आसपास गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कनीना-महेंद्रगढ़ मार्ग पर विशेष नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की गहन जांच शुरू की। चेकिंग के दौरान जब एक बोलेरो गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई, तो उसमें अवैध शराब की पेटियां भरी हुई मिलीं।
पुलिस की इस औचक कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। मौके पर ही वाहन की जांच और वजन से संबंधित प्रक्रिया पूरी की गई तथा संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की गई।
आरोपी नहीं दिखा सका कोई वैध परमिट या दस्तावेज
गाड़ी की तलाशी के दौरान उसमें कुल 36 पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जिसमें 35 पेटी देसी शराब और 1 पेटी अंग्रेजी शराब शामिल थी। वाहन चला रहे व्यक्ति की पहचान कोका गांव निवासी हेमंत के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मांगे जाने पर आरोपी हेमंत शराब से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस, परमिट या दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने अवैध शराब और बोलेरो गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया। थाना सदर कनीना में 5 अक्टूबर को आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी हेमंत को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाया जाना था। मामले में आगे की गहन छानबीन जारी है।
यह भी देखें – स्टेज कैरिज परमिट के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 6 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन

