Mahendragarh News: जिले के सतनाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव ढाणी कुम्हारान में शनिवार सुबह सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 48 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव उनके ही घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में मिला।
मृतका की पहचान शकुंतला के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सतनाली थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया।
मृतका के पति ने जमीन के बंटवारे को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के चलते चार लोगों पर हत्या करने का गंभीर शक जताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रात को घर से आ रही थी झगड़े की आवाज
गांव ढाणी कुम्हारान निवासी मीर सिंह ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह और उसके दोनों बेटे मजदूरी का काम करते हैं। बीते 9 अक्टूबर को वह अपनी पत्नी शकुंतला के साथ खेत में था।
शाम को खाना खाने के बाद उसकी पत्नी घर लौट आई थी, जबकि वह खेत में ही सो गया था। शनिवार सुबह करीब 6 बजे पड़ोस में रहने वाला रीतिक खेत में उनके पास पहुंचा और बताया कि सरपंच दिनेश कुमार ने उसे घर जाने के लिए भेजा है। जब मीर सिंह घर पहुंचा तो वहां सरपंच दिनेश कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।
आंगन में फैला मिला खून, मुंह के बल पड़ी थीं महिला
शिकायत के अनुसार, जब घर का मुख्य गेट खोलकर अंदर देखा गया तो शकुंतला आंगन में मुंह के बल अचेत अवस्था में पड़ी थीं। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और खून लगा हुआ था, तथा पूरे आंगन में खून फैला हुआ था। मीर सिंह ने जब उन्हें सीधा किया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस जांच में जुटी
सतनाली थाना पुलिस ने मृतका के पति मीर सिंह की शिकायत के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं बारीकी से खंगाला जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गहनता से जांच होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी संलिप्तता है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और साक्ष्य जुटाने में जुटी है।
यह भी देखें – नारनौल नई अनाज मंडी में बाजरे की सरकारी खरीद का रोस्टर जारी, 12 अक्टूबर से तय तिथियों के अनुसार होगी किसानों की फसल की खरीद

