Mahendragarh News: हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ में आईईईई दिवस 2026 के अवसर पर ’सतत विकास के लिए इंजीनियरिंग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ विषय पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
‘बेहतर कल के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग’ विषय पर आधारित इस कार्यक्रम में वैश्विक सतत विकास की चुनौतियों के समाधान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उभरती इंजीनियरिंग तकनीकों और नवाचारपरक अनुसंधान की भूमिका को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार के मार्गदर्शन तथा विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. आकाश सक्सेना के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने नवाचार, बहुविषयक अनुसंधान और अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
अंतरराष्ट्रीय पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सतत अभियांत्रिकी, स्वच्छ ऊर्जा तथा उभरती प्रौद्योगिकियों से संबंधित अपने विचारों और शोध कार्यों को प्रस्तुत करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के समन्वय एवं आयोजन में आईईईई स्टूडेंट ब्रांच काउंसलर डॉ. कल्पना चौहान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान विद्यार्थियों और शोधार्थियों के बीच तकनीकी ज्ञान, व्यावसायिक सहयोग तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने में आईईईई की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
पोस्टर प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में डॉ. पिंकी अरोड़ा उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत पोस्टरों का मूल्यांकन नवाचार, तकनीकी विषयवस्तु, शोध की गुणवत्ता तथा सतत विकास के संदर्भ में उनकी प्रासंगिकता के आधार पर किया। प्रतियोगिता में विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के विद्यार्थियों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर पोस्टर प्रस्तुत किए। इनमें अपशिष्ट प्रबंधन, सौर ऊर्जा आधारित शीत भंडारण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित विद्युत वाहन चार्जिंग स्टेशन की अभिकल्पना तथा डिजिटल ट्विन की अवधारणा प्रमुख रहे।
इसके अतिरिक्त विद्युत वाहनों की बैटरियों के पुनः उपयोग, विद्युत वितरण प्रणाली के नेटवर्क पुनर्विन्यास तथा मांग प्रतिक्रिया प्रबंधन जैसे विषयों पर भी विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से ऊर्जा दक्षता, संसाधनों के प्रभावी उपयोग और पर्यावरण संरक्षण में आधुनिक तकनीकों की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया।
यह भी देखें – अब तक 46,964 मीट्रिक टन की खरीद पूरी, जिले में 19,369 किसानों ने मंडियों में बेचा बाजरा

