Mohali Murder News : महिला की चाकू से गोदकर हत्या, दूसरे पति ने भागकर बचाई जान

पूनम का फाइल फोटो
Mohali Murder News : जीरकपुर के बिशनपुरा इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दशमेश नगर कॉलोनी के एक मकान में महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ। मृतका की शिनाख्त 35 वर्षीय पूनम के रूप में हुई है।
हमलावर ने पूनम पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किए, जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। वारदात की खबर फैलते ही इलाके में खौफ का माहौल बन गया।
दूसरे पति पर भी हमले का प्रयास, ऐसे बचाई जान
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वारदात के समय पूनम का दूसरा पति भी घर के भीतर ही मौजूद था। आरोपी ने पूनम को मौत के घाट उतारने के बाद उसके दूसरे पति पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन उसने ऐन मौके पर खुद को बचा लिया और किसी तरह जान भागकर बचाई।
सुबह करीब 9 बजे 112 नंबर पर मिली कॉल के बाद जीरकपुर थाना पुलिस तुरंत मकान नंबर 88 पहुंची और जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से खून के नमूने और फिंगरप्रिंट्स एकत्र किए हैं।
पुराने विवाद में पहले पति पर हत्या की सुई
शुरुआती तफ्तीश में पुलिस का सीधा शक पूनम के पहले पति वेद प्रकाश पर गहराया है। बताया जा रहा है कि पूनम और वेद प्रकाश के बीच काफी समय से गहरा विवाद चला आ रहा था।
पुलिस की थ्योरी के मुताबिक इसी रंजिश के चलते इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद से आरोपी वेद प्रकाश मौका-ए-वारदात से फरार है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
