Motorcycle Theft Tarn Taran : पंजाब के तरनतारन जिले में चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक बानगी हरिके थाने के अंतर्गत आने वाले गांव नबीपुर में देखने को मिली है। यहां एक शातिर नकाबपोश युवक ने घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को महज 30 सेकंड के भीतर चुरा लिया। घटना के वक्त पीड़ित परिवार घर के अंदर घरेलू काम में व्यस्त था, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से रफूचक्कर हो गया। यह पूरी वारदात घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपी की धरपकड़ के प्रयास में जुटी हुई है।
घर के बाहर से गायब हुई गाड़ी
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित वाहन मालिक जगजीत सिंह पुत्र पलविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल घर के ठीक बाहर खड़ी की थी। इसके बाद वह किसी घरेलू सामान को लेने के लिए कुछ मिनटों के लिए घर के अंदर गए थे। जब वह वापस बाहर आए तो देखा कि उनकी मोटरसाइकिल अपनी जगह से गायब थी। अचानक गाड़ी गायब मिलने पर उनके होश उड़ गए। आसपास तलाशने के बाद भी जब वाहन का कोई सुराग नहीं लगा, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस थाने में दी।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी करतूत
मोटरसाइकिल चोरी की इस घटना के बाद जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगाली गई, तो चोरी का पूरा सच सामने आ गया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक मुंह ढंके हुए नकाबपोश युवक ने बड़ी चालाकी से महज आधे मिनट यानी 30 सेकंड के भीतर मोटरसाइकिल को चुरा लिया और मौके से फरार हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के लिए आरोपी की पहचान करना थोड़ा आसान हो गया है।
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रभजीत सिंह गिल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर बीट के ड्यूटी अधिकारी को चोर की पहचान करने और उसे जल्द से जल्द दबोचने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि तकनीकी सहायता और फुटेज के जरिए आरोपी को जल्द ही कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।
Tarn Taran Road Accident : तरनतारन-गोइंदवाल साहिब मार्ग पर कार पेड़ से टकराई, युवक की मौत

