Nangal Chaudhary News: पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देशानुसार नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत महेंद्रगढ़ पुलिस ने नांगल चौधरी कस्बे के विभिन्न वार्डों में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
कम्युनिटी पुलिसिंग पहल एवं नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 05 अक्टूबर को वार्ड नंबर 04, 05 और 11 के नागरिकों के लिए सामूहिक कार्यक्रम तथा वार्ड नंबर 02 में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नागरिकों को नशे से बचाव, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रमों में निरीक्षक शारदा व उनकी टीम ने स्थानीय नागरिकों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया तथा नशीले पदार्थों एवं नशीली दवाइयों के दुरुपयोग से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। नागरिकों को मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 की जानकारी दी गई।
साथ ही बताया गया कि जो व्यक्ति स्वेच्छा से नशा छोड़ना चाहता है, उसे सहायता दिलाने में महेंद्रगढ़ पुलिस हरसंभव सहयोग करेगी। वार्ड नंबर 02 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।

पुलिस टीम ने साइबर फ्रॉड के प्रति सतर्क रहने का संदेश देते हुए नागरिकों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जानकारी दी। इसके साथ ही पॉक्सो अधिनियम के संबंध में जागरूक किया गया और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों और सुरक्षा से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं ने भी पुलिस टीम के साथ अपने विचार साझा किए।
पुलिस टीम ने नागरिकों को ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपने सुझाव और प्रतिक्रियाएं साझा कर पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया।
महेंद्रगढ़ पुलिस की आमजन से अपील है कि नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त, बिक्री अथवा आपराधिक गतिविधियों की जानकारी बेझिझक नजदीकी पुलिस थाने या डायल 112 पर दें।
सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। नशे के खिलाफ आपकी एक सूचना किसी परिवार को उजड़ने से बचा सकती है। आइए, नशामुक्त, सुरक्षित और जागरूक महेंद्रगढ़ के निर्माण में मिलकर अपनी भागीदारी निभाएं।
यह भी देखें – राजकीय महाविद्यालय कृष्ण नगर में 9 एवं 10 अक्टूबर को होगी वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता

