Narnaul: राजकीय महाविद्यालय कृष्ण नगर में विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 9 एवं 10 अक्टूबर को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न खेल एवं एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के तहत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर एवं 5000 मीटर दौड़, हाई जंप, लॉन्ग जंप, ट्रिपल जंप, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो सहित विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 500, 300 एवं 200 रुपए का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
9 अक्टूबर को प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह में पुलिस उप अधीक्षक डॉ. कविता व 10 अक्टूबर को समापन समारोह में जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. अमित चौधरी मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुमन यादव ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लें और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं तथा नियमित खेल गतिविधियों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
यह भी देखें– कारोता आंगनवाड़ी में ‘सेवा मिलन’ कार्यक्रम, मां को बताया बच्चे के सर्वांगीण विकास की पहली पाठशाला

