Nangal Chaudhary News:(विजय यादव) जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने रविवार को नांगल चौधरी हलके के आठ गांवों में नुक्कड़ जनसभाएं कीं। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मतदाता सूची, युवाओं, किसानों, पेंशन और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दे उठाए।
धोलेड़ा में जनसभा के दौरान तीन दर्जन युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ली है। कार्यक्रम की अध्यक्षता में हलका प्रधान एडवोकेट प्रमोद ताखर ने की, जिसमें जिला प्रधान व पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में करीब 34 लाख वोट काटे गए हैं। मतदाता सूची से नाम हटने की शिकायतों की जांच होनी चाहिए और किसी भी पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने युवाओं के प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी मांगों का समाधान बातचीत से होना चाहिए, न कि कार्रवाई करके उनकी आवाज दबाने से। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने बुजुर्गों और विधवा महिलाओं की पेंशन, मनरेगा के तहत काम तथा पंचायतों के अधिकारों का मुद्दा उठाया।
आरोप लगाया कि सरपंचों की शक्तियां सीमित होने से गांवों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से ग्रामीणों, मजदूरों और पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर फसल बेचने के दौरान किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अपने कार्यकाल में गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की पहल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि अब नाम बदलने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं के लिए शिक्षा सुविधाएं बढ़ाने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर ध्यान देना चाहिए।
राजकुमार धोलेड़ा साथियों सहित जेजेपी में शामिल
कार्यक्रम के दौरान राजकुमार धौलड़ा और उनके साथियों के जेजेपी में शामिल होने की बात कही गई। दुष्यंत चौटाला ने उनका स्वागत करते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। गहली, टहला, छिलरो, धौलेड़ा, धोखेरा, अकबरपुर, कालबा और बुढ़वल सहित विभिन्न गांवों में जनसंपर्क किया गया।
कार्यक्रम में जेजेपी जिला प्रधान राजकुमार खातोद,प्रभारी विनोद भील, पूर्व हलका प्रधान हजारीलाल लंबोरा, एडवोकेट अजय चौधरी, चैनसुख तोताहेड़ी, जिलेसिंह, लाखा गुर्जर, प्रवक्ता विजय छीलरो, रविंद्र सांगवान मौजूद रहे हैं।

