Narnaul : हरियाणा में बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान, 28 से 30 सितंबर तक बैंक रहेंगे बंद, रविवार को खुले रहेंगे बैंक
Narnaul : हरियाणा में बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान, 28 से 30 सितंबर तक बैंक रहेंगे बंद, रविवार को खुले रहेंगे बैंक
Narnaul : हरियाणा में बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। बैंक कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बैंकों की ओर से लगातार संदेश भेजे जा रहे हैं।
विशेष बात यह है कि इस दौरान लगातार छुट्टियों के कारण बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है। 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, ग्राहकों की सुविधा और राहत को ध्यान में रखते हुए 27 सितंबर यानी रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रखने का बड़ा निर्णय लिया गया है।

ग्राहकों को मिल रहे सतर्कता संदेश
पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) समेत कई अन्य प्रमुख बैंकों की ओर से ग्राहकों को लगातार एसएमएस और नोटिफिकेशन भेजे जा रहे हैं। बैंकों ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग कार्य 25 सितंबर तक शाखा में जाकर या समय रहते पूरे कर लें।
पीएनबी के संदेश में स्पष्ट किया गया है कि 28 से 30 सितंबर की हड़ताल के दौरान एटीएम, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई जैसी डिजिटल और ऑनलाइन सेवाएं सुचारू रूप से चालू रहेंगी, ताकि ग्राहकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
क्यों हो रही है हड़ताल?
बैंक कर्मचारी मुख्य रूप से ‘फाइव डे बैंकिंग वीक’ यानी पांच दिन का सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। यूनियनों का आरोप है कि इस मांग को लेकर मार्च 2024 में समझौता हुआ था, लेकिन सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से अभी तक इसे लागू नहीं किया गया है, जिसे वे वादाखिलाफी मान रहे हैं।
कैनरा बैंक ऑफिसर एसोसिएशन के जिला प्रधान हेमंत कुमार ने कहा कि कर्मचारियों का उद्देश्य कतई ग्राहकों को परेशान करना नहीं है। हड़ताल की पहले से सूचना देने का मकसद यही है कि लोग अपने वित्तीय कार्य समय पर निपटा लें।
हालांकि, सरकार और बैंक प्रबंधन की अपील के बावजूद यूनियनों और प्रशासन के बीच अभी तक मांगों पर पूरी सहमति नहीं बन पाई है, जिसके चलते हड़ताल तय मानी जा रही है।
यह भी देखें – नारनौल में अनियंत्रित स्कूली बस ने स्कूटी और साइकिल को मारी टक्कर, तीन लोग घायल
