Narnaul : नारनौल में गद्दे के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों रुपये का सामान जलकर राख
प्रतीकात्मक फोटो
Narnaul : शहर के मुख्य बस स्टैंड के सामने स्थित मामराज कॉलोनी में सोमवार दोपहर बाद एक गद्दे के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते गोदाम में रखा गद्दों का तैयार सामान, कपड़ा, मशीनें और अन्य कीमती सामग्री जलकर पूरी तरह राख हो गई। इस भयंकर हादसे में गोदाम मालिक को लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा है।

आधा घंटे की देरी से पहुंची दमकल की गाड़ियां
गोदाम संचालक सुशील सैनी ने बताया कि वह गद्दे बनाने का कार्य करते हैं। दोपहर करीब चार बजे अचानक उनके गोदाम से धुएं का गुबार उठने लगा और आग ने विकराल रूप ले लिया। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया।
संचालक के अनुसार, सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का मोर्चा संभाला। लगातार 1 से 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर डायल 112 की टीम भी पहुंच गई थी।
टीन शेड क्षतिग्रस्त और दीवारों में आई दरारें
आग की चपेट में आने से गोदाम का टीन शेड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि अत्यधिक गर्मी और लपटों के कारण गोदाम की दीवारों में भी बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं। गोदाम के भीतर गद्दे बनाने के लिए रखे गए ब्लोअर, मशीनें, कपड़ा और अन्य कच्चा माल पूरी तरह जल चुका है।
पीड़ित संचालक सुशील सैनी ने प्रशासन और सरकार से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। फिलहाल नुकसान का विस्तृत आकलन संबंधित विभागों द्वारा किया जा रहा है ताकि वास्तविक क्षति का पता लगाया जा सके।
यह भी देखें – हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में फार्म महिलाओं और एसएचजी के लिए विटामिन-डी युक्त खाद्य उत्पादों पर विशेष प्रशिक्षण संपन्न
