Narnaul: 37 वर्षों की सेवा के बाद इंस्पेक्टर रविन्द्र सिंह सेवानिवृत्त, पुलिस अधीक्षक ने दी सम्मानपूर्वक विदाई
Narnaul: हरियाणा पुलिस में करीब 37 वर्षों तक सेवाएं देने वाले इंस्पेक्टर रविन्द्र सिंह आज सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी और उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने उनके लंबे सेवाकाल में निभाई गई जिम्मेदारियों तथा विभाग के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने जनसेवा में ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व को रेखांकित करते हुए इंस्पेक्टर रविन्द्र सिंह को जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इंस्पेक्टर रविन्द्र सिंह ने अपने पुलिस सेवाकाल की शुरुआत सिरसा जिले से की थी। उस समय की चुनौतीपूर्ण सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी परिस्थितियों में उन्होंने साहस और सजगता के साथ दायित्व निभाए।
सेवाकाल के दौरान उन्होंने सिरसा, रेवाड़ी, गुरुग्राम, रोहतक, महेंद्रगढ़, पलवल और नूंह सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं तथा जांच अधिकारी के रूप में भी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
सिरसा से शुरू हुआ उनका पुलिस सेवा का सफर अपने गृह जिले महेंद्रगढ़ में संपन्न हुआ। सेवानिवृत्ति पर अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने उनके योगदान को सराहा और परिवार के साथ स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन की शुभकामनाएं दीं।
