Narnaul : खैरथल नगर परिषद चेयरपर्सन चुनाव में बड़ा विवाद, नारनौल में महिला पार्षद को बंधक बनाने का आरोप, शहर थाने में दी गई शिकायत
Narnaul : खैरथल नगर परिषद चेयरपर्सन चुनाव में बड़ा विवाद, नारनौल में महिला पार्षद को बंधक बनाने का आरोप, शहर थाने में दी गई शिकायत
Narnaul : राजस्थान के अलवर जिले की खैरथल नगर परिषद के चेयरपर्सन चुनाव से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खैरथल की एक महिला निर्दलीय पार्षद जरीना ने नारनौल क्षेत्र में बदमाशों द्वारा उन्हें बंधक बनाए जाने और चुनाव में मतदान करने से रोकने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में पार्षद ने नारनौल के शहर थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है, जिसके आधार पर पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है।
गौरतलब है कि खैरथल नगर परिषद के सभापति चुनाव में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला था, जहां भाजपा के विक्रम चौधरी और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी ओमप्रकाश रोघा को बराबर यानी 22-22 वोट मिले थे। इसके बाद प्रशासन द्वारा पर्ची निकालकर फैसला किया गया, जिसमें भाजपा के विक्रम चौधरी को विजयी घोषित किया गया था। इसी चुनाव प्रक्रिया के दौरान हुए इस घटनाक्रम से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
कार का पीछा कर फार्म हाउस में बंधक बनाने का आरोप
पार्षद जरीना द्वारा जारी किए गए वीडियो और पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वह गत 20 सितंबर की रात चंडीगढ़ से इनोवा कार में सवार होकर खैरथल लौट रही थीं। रात करीब 8 बजे जब वे नारनौल के पास पहुंचीं, तो उन्हें कई बोलेरो गाड़ियां नजर आईं। इसके बाद एक सफेद फॉर्च्यूनर ने उनकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि नारनौल की एक गली में काली स्कॉर्पियो गाड़ी ने उनकी कार का रास्ता रोकने की कोशिश की। हालांकि चालक गाड़ी को बाजार की तरफ भगा ले गया, लेकिन कुछ दूर जाने पर कई अन्य गाड़ियों ने उनकी कार को चारों तरफ से घेर लिया।
जरीना का दावा है कि इस दौरान उनके साथ कार में मौजूद दो लोगों को जबरन बाहर खींचकर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें दूसरी गाड़ी में डाल लिया गया। इसके बाद पार्षद को भी एक अज्ञात फार्म हाउस पर ले जाया गया, जहां चुनाव और मतदान की प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें बंधक बनाकर रखा गया। उन्होंने इसे किसी विशेष प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने से रोकने की एक सोची-समझी साजिश बताया है।

पहले खैरथल थाने में पहुंचे कांग्रेस नेता, फिर नारनौल में दी शिकायत
घटना के बाद पीड़ित पार्षद जरीना, मुंडावर के विधायक ललित यादव और सभापति पद के प्रत्याशी ओमप्रकाश रोघा के साथ खैरथल थाना पहुंची थीं। वहां कांग्रेस नेताओं ने ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज करने की मांग की, लेकिन घटना का क्षेत्र नारनौल (हरियाणा) होने के कारण वहां एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी।
इसके बाद पार्षद जरीना ने नारनौल पहुंचकर शहर थाना पुलिस को अपनी शिकायत सौंपी। इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए नारनौल शहर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि खैरथल के पार्षद और अन्य लोग उनसे मिले थे और अपनी शिकायत दर्ज कराई है।
उन्होंने आश्वासन दिया है कि पार्षद द्वारा बताई गई लोकेशन के आधार पर मोबाइल डंप डेटा और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे। जांच में मामला सही पाए जाने पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी देखें – नारनौल आईटीआई में अब पढ़ाई दरकिनार, शिक्षकों में छिड़ी आपसी जंग
