Narnaul: एक अक्टूबर से शुरू होगी बाजरे की खरीद, इस बार एमएसपी 2,900 प्रति क्विंटल
Narnaul: हरियाणा सरकार द्वारा खरीफ खरीद सीजन 2026-27 के लिए जिले की 6 मंडियों में बाजरे की खरीद एक अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। खरीद प्रक्रिया 15 नवंबर 2026 तक चलेगी। इन्हीं तैयारियों को लेकर मंगलवार को उपायुक्त अनुपमा अंजली ने लघु सचिवालय में जिले के अधिकारियों तथा आढ़ती संगठन की बैठक लेकर मंडियों में खरीद प्रबंधों की समीक्षा की।
इसके बाद डीसी ने प्रदेश स्तर पर आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भी हिस्सा लिया, जिसमें कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के मंत्री राजेश नागर ने खरीद प्रबंधों को लेकर समीक्षा की।
डीसी ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा खरीफ फसल सीजन 2026-27 के लिए बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,900 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। जिला में नारनौल, अटेली, महेंद्रगढ़, कनीना, नांगल चौधरी और सतनाली अनाज मंडी में बाजरे की सरकारी खरीद होगी।
उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए सभी मंडियों के मुख्य स्थानों पर सरकार द्वारा निर्धारित खरीद मापदंडों की होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए गए ताकि किसानों को खरीद प्रक्रिया की सही जानकारी मिल सके। साथ ही गेट पर ही किसानों के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत किसानों की फसल ही खरीदी जाएगी। जिले में अब तक मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 80,884 किसान 3 लाख एकड़ भूमि के साथ पंजीकृत हो चुके हैं। सभी मंडियों में मॉइश्चर मीटर की व्यवस्था करने, बिजली, पानी, शौचालय व मेडिकल वैन जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा खाद्यान्न की साफ-सफाई व सुरक्षा के लिए पर्याप्त मात्रा में बारदाना, वुडन क्रेट्स व तिरपाल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस बैठक में एसडीएम महेंद्रगढ़ योगेश सैनी, नारनौल एसडीएम गुरविंदर सिंह, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह, डीएसपी भारत भूषण, डीएफएससी सावित्री देवी तथा एएफएसओ अरुण सैनी के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
———————
तीन वर्षों में बाजरा खरीद पर एक नजर
जिले में बाजरे की खरीद पिछले तीन वर्षों से लगातार बढ़ती जा रही है। खरीफ मार्केटिंग सीजन 2023-24 में जिले में कुल 82,970.15 मीट्रिक टन बाजरे की खरीद हुई थी, जब एमएसपी 2,500 रुपये प्रति क्विंटल था। सीजन 2024-25 में खरीद बढ़कर 1,10,692.35 मीट्रिक टन तक पहुंच गई, जबकि इस दौरान एमएसपी 2,625 रुपये प्रति क्विंटल था। इसके बाद सीजन 2025-26 में खरीद ने रिकॉर्ड बनाते हुए 1,57,316 मीट्रिक टन का आंकड़ा छुआ, जब एमएसपी 2,775 रुपये प्रति क्विंटल रहा। अब आगामी खरीफ सीजन 2026-27 के लिए केंद्र सरकार ने बाजरे का एमएसपी बढ़ाकर 2,900 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है, जो पिछले वर्ष से 125 रुपये अधिक है।
