Narnaul: विधायक ने सरपंचों को भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह के लिए जिम्मेदारियां सौंपीं

Narnaul : नारनौल के विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव ने 17 सितंबर को महेंद्रगढ़ के कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह को सफल बनाने के लिए मंगलवार को स्थानीय बीडीपीओ कार्यालय में सरपंचों की आवश्यक बैठक ली। बैठक में विधायक ने सरपंचों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने गांवों से अधिक से अधिक संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम को सफल बनाएं।
ओमप्रकाश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के साथ-साथ किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता दी है। वर्ष 2014 के बाद नारनौल क्षेत्र ही नहीं, बल्कि साथ लगते राजस्थान के क्षेत्रों में भी किसानों को पानी की समस्या से काफी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के शासनकाल में क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद नहरों में पानी की उपलब्धता बढ़ी, जिससे किसानों को सिंचाई सुविधा मिली और भूजल स्तर में भी सुधार हुआ। इसके साथ ही गांवों में शहरों की तर्ज पर विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने सरपंचों से कहा कि वे सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं तथा 17 सितंबर को महेंद्रगढ़ में होने वाले भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में लोगों को लेकर पहुंचें।
बैठक के दौरान विधायक ने सरपंचों को समारोह के लिए विभिन्न ड्यूटियां एवं जिम्मेदारियां भी सौंपीं और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
