Narnaul News: उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और आवागमन के दबाव को कम करने के उद्देश्य से उदयपुर सिटी और दिल्ली सराय रोहिल्ला के बीच एक नई साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया गया है। इस ट्रेन के नारनौल, अटेली, निजामपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को विशेष रूप से लाभ मिलेगा, जिससे दिल्ली और राजस्थान की ओर यात्रा करने वाले लोगों को एक अतिरिक्त और सुविधाजनक विकल्प मिल गया है।
साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल और फेरे
रेलवे की समय-सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 09617 उदयपुर सिटी से प्रत्येक बुधवार को 21 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी। इसके कुल 6 फेरे निर्धारित किए गए हैं। यह ट्रेन उदयपुर से रात 9:15 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:15 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी।
वापसी दिशा में, गाड़ी संख्या 09618 दिल्ली सराय रोहिल्ला से प्रत्येक गुरुवार को 22 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक चलाई जाएगी। इसके भी कुल 6 फेरे होंगे। यह ट्रेन दिल्ली से दोपहर 1:45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन सुबह 4 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी।
नारनौल और अटेली स्टेशन पर निर्धारित ठहराव
क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन के ठहराव प्रमुख स्टेशनों पर रखे गए हैं-
उदयपुर से दिल्ली जाते समय- यह ट्रेन नारनौल स्टेशन पर सुबह 7:40 बजे पहुंचेगी और 7:42 बजे रवाना होगी। इसके तुरंत बाद अटेली स्टेशन पर सुबह 7:58 बजे पहुंचकर 8:00 बजे प्रस्थान करेगी।
दिल्ली से उदयपुर लौटते समय- यह ट्रेन अटेली स्टेशन पर दोपहर 3:37 बजे पहुंचेगी और 3:39 बजे रवाना होगी। इसके पश्चात नारनौल स्टेशन पर इसका आगमन शाम 3:50 बजे और प्रस्थान 3:52 बजे निर्धारित किया गया है।
यात्री संगठनों ने जताया आभार
दैनिक रेलयात्री जागरूक मंच, नारनौल-अटेली-निजामपुर ने इस सौगात पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड काि हार्दिक आभार व्यक्त किया है। मंच के अध्यक्ष अशोक कटारिया ने कहा कि इस क्षेत्र के लोग लंबे समय से बेहतर रेल सुविधाओं और अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की मांग कर रहे थे। इस स्पेशल ट्रेन के चलने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि बहुप्रतीक्षित चेतक एक्सप्रेस में भी अतिरिक्त भीड़ का दबाव कम होने की पूरी उम्मीद है।
साथ ही, मंच ने रेलवे से पुरजोर मांग की है कि इस स्पेशल ट्रेन की लोकप्रियता और यात्रियों की निरंतर मांग को देखते हुए इसे भविष्य में एक नियमित ट्रेन के रूप में स्थायी नंबरों के साथ संचालित किया जाए।
यह भी देखें – नालसा की योजनाएं अब गांव-गांव तक पहुंचेंगी, चिन्हित गांव में लगेगा कानूनी साक्षरता शिविर

