Narnaul News: नारनौल स्थित महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज, कोरियावास में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों और कॉलेज प्रबंधन के बीच बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ड्यूटी रोस्टर, सुपरविजन और काम के अत्यधिक घंटों को लेकर नाराज होमगार्ड जवानों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जवानों का मुख्य आरोप है कि उनसे निर्धारित 8 घंटे के बजाय 16 घंटे तक ड्यूटी ली जा रही है, बार-बार रोस्टर बदलकर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है। वहीं, कॉलेज प्रबंधन ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए जवानों पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने और कॉलेज के अन्य कार्यों में बाधा डालने का पलटवार किया है।
विवाद की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जानकारी जुटाई।
डायरेक्टर बोले- सुरक्षा मजबूत करने के लिए बदला गया रोस्टर
दूसरी ओर, कॉलेज के डायरेक्टर बिजेंद्र ढिल्लो ने जवानों के सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में रोजाना 300 से 350 मरीज इलाज के लिए आते हैं और हाल ही में परिसर में चोरी की कुछ घटनाएं भी सामने आई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ही रोस्टर में बदलाव किया गया था।
डायरेक्टर ने आरोप लगाया कि कुछ जवान अपनी ड्यूटी शुरू होने से पहले मुख्य गेट के पास इकट्ठा होकर हंगामा कर रहे थे और अन्य कर्मचारियों के शासकीय कार्यों में बाधा डाल रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि होमगार्ड जवानों से केवल उनकी निर्धारित सुरक्षा संबंधी सेवाएं ही ली जा रही हैं।
फिलहाल सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुटी है। जवानों ने मांग की है कि ड्यूटी रोस्टर, काम के घंटों और उनके साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
यह भी देखें – हकेवि के 17 संकाय सदस्यों ने स्टैनफोर्ड और एल्सेवियर की विश्व के शीर्ष 02 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में बनाई जगह

