Narnaul News: (सोनल यादव) हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने कनीना मार्केट कमेटी में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए दो अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बोर्ड के मुख्य प्रशासक धर्मेंद्र सिंह द्वारा रविवार, 18 अक्टूबर को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए गए।
जारी आदेशों के अनुसार, कनीना मार्केट कमेटी के सहायक सचिव अजीत कुमार यादव तथा मंडी सुपरवाइजर कुलदीप सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों के निलंबन आदेश तुरंत प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों की हाजिरी बोर्ड मुख्यालय पंचकूला में रहेगी।


आदेश में स्पष्ट रूप से निर्देश दिए गए हैं कि दोनों निलंबित कर्मचारी सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना अपना मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे। निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मियों को ‘हरियाणा सिविल सेवा नियम, 2016’ के नियम 83 से 86 के तहत भत्ता मिलेगा। सीए द्वारा की गई इस कार्रवाई के बाद मार्केट कमेटी के प्रशासनिक महकमे में खलबली दिखाई दे रही है। बोर्ड मुख्यालय द्वारा अचानक की गई इस कार्रवाई के बाद मार्केट कमेटी के स्थानीय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
बता दे की मुख्य प्रशासक के दिशा निर्देशन में कनीना अनाज मंडी में हाल ही में निरीक्षण करने पहुंची तीन सदस्यीय टीम में जींद जिले के डीएमईओ श्रीभगवान मुदगिल, लेखाकार सुरेंद्र पूनिया तथा मंडी सुपरवाइजर जयभगवान शामिल थे। जहां उन्होंने बाजरे की आवक को लेकर रिकॉर्ड की जांच की। बाजरे की खरीद अधिक एवं स्टॉक कम पाये जाने की संभावना मिली वहीं गेट पास को लेकर अनियमितताएं सामने आई थी।
कनीना मार्केट कमेटी में सचिव जितेंद्र सिंह ने संभाला कार्यभार
मार्केट कमेटी कनीना में नए असिस्टेंट सेक्रेटरी जितेंद्र सिंह ने सोमवार को विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया है। वे सोहना से स्थानांतरित होकर यहां पहुंचे हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने मंडी व्यवस्थाओं को सुचारू रखने और किसानों व व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी प्राथमिकता बताया।
यह बदलाव पूर्व असिस्टेंट सेक्रेटरी अजीत सिंह और मंडी सुपरवाइजर कुलदीप सिंह पर हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद हुआ है। इन दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान इन दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, पंचकूला निर्धारित किया गया है, जहां इन्हें नियमित रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
यह भी देखें – नारनौल में सीताराम शिव मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट की बैठक, शरद पूर्णिमा और अन्नकूट महोत्सव की रूपरेखा तय

