Narnaul News: महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में डीएपी खाद की किल्लत से जूझ रहे किसानों के लिए आखिरकार थोड़ी राहत की उम्मीद जगी है। रेलवे रोड स्थित अनाज मंडी की सहकारी सोसायटी में कृभको कंपनी की डीएपी खाद के 1,000 बैग पहुंचने के बाद सोमवार सुबह से ही वितरण केंद्र पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
खाद पाने की आस में किसान और महिलाएं तड़के सुबह 3 बजे से ही सोसायटी कार्यालय के बाहर कतारों में खड़े नजर आए। सुबह 9 बजे कार्यालय के कपाट खुलने तक वहां सैकड़ों की लंबी लाइन लग चुकी थी।
कृषि अधिकारियों की देखरेख में हुआ वितरण
सोसायटी पर कृषि विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण तरीके से खाद का वितरण किया गया। भीड़ और मांग को नियंत्रित करने के लिए प्रति किसान 50-50 किलोग्राम के तीन बैग निर्धारित किए गए हैं। खाद के एक बैग का मूल्य 1,350 रुपए तय किया गया है, जिसके लिए किसानों को अपना आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ लाना पड़ा।
इससे पहले 30 सितंबर को यहां खाद वितरित की गई थी, और अब पूरे 11 दिनों के लंबे अंतराल के बाद यह नई खेप पहुंची है। हालांकि, किसानों की भारी तादाद को देखते हुए 1,000 बैग्स की यह खेप नाकाफी साबित हो रही है, जिससे कई किसानों को मायूस भी लौटना पड़ सकता है।
यह भी देखें – हरियाणा में चुनाव आयोग की आड़ लेकर 34 लाख वोट काटकर भाजपा ने मताधिकार से किया खिलवाड़- दुष्यंत चौटाला

