Narnaul News: नारनौल शहर में सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 11.18 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहल्ला मिश्रवाड़ा निवासी अजय के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शहर थाना नारनौल में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 24 अक्टूबर को सीआईए महेंद्रगढ़ की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मोहल्ला मिश्रवाड़ा निवासी अजय अवैध रूप से हेरोइन की खरीद-फरोख्त में संलिप्त है और अपने पास नशीला पदार्थ रखे हुए है।
सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत प्रभाव से बताए गए स्थान पर दबिश दी और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक पॉलीथीन में रखा हुआ नशीला पदार्थ बरामद हुआ, जिसका कुल वजन (पॉलीथीन सहित) 11.18 ग्राम पाया गया।
पुलिस ने हेरोइन को अपने कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि पुलिस अब इस मामले के पूरे सप्लाई नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी यह नशीला पदार्थ कहां से खरीद कर लाता था और इसके इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खात्मे के लिए आगे आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
यह भी देखें – नई अनाज मंडी नारनौल में बाजरा खरीद का नया रोस्टर जारी, 26 से 31 अक्टूबर तक तय गांवों के किसान ला सकेंगे फसल

