Narnaul News: नारनौल में मंगलमुखी किन्नर समाज के प्रधान विनोद सैनी के मौत मामले में तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन का दावा है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दूसरी ओर, भिवानी में किन्नर समाज ने एक नया दावा करते हुए कहा है कि इस मामले की मुख्य आरोपी बुलबुल, महक और टीना को कुछ लोग पहले ही अगवा कर के ले जा चुके हैं।
गौरतलब है कि 21 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे मंगलमुखी किन्नर समाज के प्रधान विनोद सैनी ने लगभग 25 पेज का एक सुसाइड नोट लिखने और वीडियो बनाने के बाद आत्महत्या कर ली थी। मृतक की पत्नी बबिता ने किन्नर बुलबुल, महक और टीना पर उनके पति को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का गंभीर आरोप लगाया था। इस घटना के बाद शहर में भारी आक्रोश फैल गया था, जिसके चलते परिजनों और स्थानीय लोगों ने नागरिक अस्पताल में जमकर हंगामा और नारेबाजी की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुस्साई भीड़ ने शहर थाने का भी घेराव किया था और शाम तक विनोद सैनी का शव अस्पताल से उठाने से इनकार कर दिया था। बाद में डीएसपी वीरेंद्र सिंह और भाजपा विधायक ओमप्रकाश यादव मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को ठोस कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था, जिसके बाद देर शाम परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया था।
इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच के लिए एसपी दीपक कुमार द्वारा एक विशेष एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है। एएसपी वीरेंद्र सिंह की निगरानी में बनाई गई इस एसआईटी में डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण, सिटी थाना प्रभारी, सीआईए प्रभारी, एसआई गुनपाल और साइबर सेल प्रभारी को शामिल किया गया है। इसके बावजूद तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाब नहीं हो पाई है।
पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार यादव ने बताया कि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।
यह भी देखें – वाल्मीकि जयंती पर लघु सचिवालय में होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम, विधायक ओम प्रकाश यादव होंगे मुख्य अतिथि

