Narnaul News: विजयदशमी का पर्व शहर में पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न धार्मिक कमेटियों की ओर से शहर में भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं और इसके बाद निर्धारित स्थलों पर रावण के पुतलों का दहन किया गया। कार्यक्रमों के दौरान पूरा शहर श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
श्री आदर्श सनातन धर्म ड्रामेटिक क्लब की ओर से शाम 4 बजे पुल बाजार से विजय जुलूस निकाला गया। यह जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ शोभा सागर तालाब पहुंचा। यहां शाम 7:15 बजे रावण के पुतले का दहन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।
वहीं, दूसरी ओर श्री सनातन धर्म सभा की ओर से पुल बाजार स्थित सभा स्थल से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा पुल बाजार से होते हुए भगवान सूर्यनारायण मंदिर पहुंची। इसके बाद भगवान सूर्यनारायण के डोले के साथ शोभायात्रा मोहल्ला चौधरियान, गौड़ ब्राह्मण सभा, मेहता चौक और पुरानी मंडी से होते हुए नई अनाज मंडी पहुंची।
यहां कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया गया, जिसके उपरांत रावण के पुतले का दहन किया गया। आयोजनों के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम देखने को मिले।
यह भी देखें – राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का समापन

