Narnaul News: नारनौल में नई अनाज मंडी के पास पिकअप गाड़ी से बाजरे के कट्टे चोरी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नांगल चौधरी रोड पर खड़ी एक पिकअप गाड़ी से दो शातिर युवक बाजरे के कट्टे उतारकर अपनी बाइक पर लादकर ले जा रहे थे, तभी पास में खड़े दूसरे वाहन चालक की सतर्कता से पूरी चोरी की पोल खुल गई। मौके पर एकत्र हुई भीड़ ने दोनों युवकों को रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शीशे में नजर आई संदिग्ध गतिविधि, ड्राइवर की सूझबूझ से पकड़े गए चोर
गांव खोड़मा निवासी पीड़ित किसान रमेश कुमार ने बताया कि वह अपनी पिकअप गाड़ी में बाजरा भरकर बेचने के लिए नारनौल की नई अनाज मंडी आया था। मंडी के बाहर पार्किंग की जगह न मिलने के कारण उसने अपनी गाड़ी नांगल चौधरी रोड पर खड़ी कर दी थी और किसी काम से मंडी के अंदर चला गया था।
इसी बीच, चार-पांच वाहन आगे खड़ी गाड़ी के ड्राइवर ने अपने रियरव्यू मिरर (शीशे) में देखा कि दो युवक रमेश की पिकअप से बाजरे के कट्टे उतारकर अपनी बाइक पर लाद रहे हैं। ड्राइवर को तुरंत शक हुआ और उसने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को धर दबोचा तथा तुरंत किसान रमेश को भी फोन कर मौके पर बुला लिया।
इस दौरान स्थानीय दुकानदारों व मंडी कर्मचारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी यहीं खड़े एक टेंपो से बाजरे के 5 कट्टे चोरी हो चुके हैं। लगातार सामने आ रही इन वारदातों से अपनी फसल लेकर मंडी आने वाले किसानों और वाहन चालकों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि क्षेत्र में सक्रिय इस चोरी के गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
यह भी देखें – हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने कनीना मार्केट कमेटी के दो अधिकारी किए निलंबित

