Narnaul: जिला में गांधी जयंती पर गांव-गांव जुटेगी संसद, 2 अक्तूबर को सुबह 11 बजे होंगी विशेष ग्राम सभाएं
Narnaul: हरियाणा सरकार के दिशा निर्देशों के तहत 2 अक्तूबर को गांधी जयंती के अवसर पर जिला की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ये बैठकें सुबह 11 बजे शुरू होंगी।
यह जानकारी देते हुए अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया ने बताया कि उपायुक्त अनुपमा अंजली के मार्गदर्शन में खंड विकास एवं पंचायत विभाग ने ग्राम सभाओं की कार्यवाही को सुचारु, प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए एजेंडा तय कर दिया है।
इसमें सबसे पहले जन योजना अभियान के तहत वर्ष 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत की विस्तृत कार्य योजना बनाई जाएगी और ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव में हुए जनकल्याण कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों के सामने रखी जाएगी। साथ ही यह भी खुलकर चर्चा होगी कि आगे किन जनसेवा कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत पंच, सरपंच, सफाई मित्र, स्वयं सहायता समूह, युवा क्लब, स्कूल-कॉलेज के प्रतिनिधि, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जैसे सभी प्रमुख हितधारकों को एक मंच पर लाया जाएगा। सब मिलकर स्वच्छता की प्रगति की समीक्षा करेंगे और पूरे गांव को स्वच्छ व कचरा-मुक्त बनाने की योजना पर सहमति बनाएंगे।
उन्होंने बताया कि ग्राम सभा में स्थानीय जरूरतों और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विकसित ग्राम पंचायत योजना भी तैयार की जाएगी, जिसे औपचारिक प्रस्ताव पारित कर मंजूर कराया जाएगा।
इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से यह पुष्टि की जाएगी कि गांव बाल विवाह से पूरी तरह मुक्त है। इसके बाद ग्राम सभा सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर बाल विवाह मुक्त गांव का प्रमाण-पत्र या घोषणा-पत्र जारी करेगी।
जल अर्पण अभियान के तहत पेयजल आपूर्ति, जल स्रोतों की स्वच्छता, हर घर जल व्यवस्था के संचालन और जल संरक्षण के उपायों की समीक्षा कर रिपोर्ट ग्रामीणों के सामने रखी जाएगी।
परिवार पहचान पत्र में दर्ज पारिवारिक विवरण और आय की जांच होगी, छूटे हुए पात्र लोगों के नाम जोड़े जाएंगे, आवश्यक सुधार किए जाएंगे और पात्र लाभार्थियों के आंकड़ों का सत्यापन भी ग्राम सभा से करवाया जाएगा।
रिफॉर्म उत्सव के तहत सरकार के नीतिगत सुधारों और ग्रामीण विकास की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी और आगे के सुधारों के लिए ग्रामीणों से सुझाव भी लिए जाएंगे।
इन छह बिंदुओं पर होगी चर्चा और समीक्षा
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि बजट भाषण 2026-27 की घोषणा के अनुसार अब हर ग्राम सभा बैठक में छह बिंदुओं पर चर्चा और समीक्षा अनिवार्य होगी।
गांव में पेयजल आपूर्ति की स्थिति, गंदे पानी की निकासी व प्रबंधन, अमृत सरोवर से जुड़े कार्य व जलभराव की समस्या, गांव में नशे की स्थिति, सभी सामाजिक पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन तथा स्वच्छता व ठोस कचरा प्रबंधन, सरकारी भवनों के रख-रखाव और ई-ग्रामस्वराज पोर्टल पर दर्ज विकास कार्यों का निरीक्षण होगा।
उन्होंने बताया कि ग्राम सभा की कार्यवाही 3 अक्तूबर तक निर्णय और सभासार पोर्टल पर तथा स्वच्छता ही सेवा की गतिविधियां संबंधित पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी। जिलेवार अनुपालना रिपोर्ट 5 अक्तूबर तक निदेशालय को भेजी जाएगी।
इस कार्य के लिए जिला स्तर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और खंड स्तर पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
तरुण कुमार पावरिया ने ग्रामीणों से अपील की कि वे 2 अक्तूबर को अपनी ग्राम सभा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और गांव के विकास की योजना बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
ये तारीखें रहेंगी अहम
2 अक्तूबर: सुबह 11 बजे सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा
3 अक्तूबर: कार्यवाही निर्णय व सभासार पोर्टल पर और स्वच्छता ही सेवा की गतिविधियां संबंधित पोर्टल पर अपलोड
5 अक्तूबर: जिलेवार अनुपालना रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जाएगी
