Narnaul:महेंद्रगढ़ की आदर्श कॉलोनी के लोग 3 साल से भोग रहे नरकीय जीवन

Narnaul: महेंद्रगढ़ में आदर्श कॉलोनी निवासी प्रशासनिक नाकामी के चलते पिछले 3 साल से नरकीय जीवन भोग रहे हैं। शहर को 148-बी हाई वे से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर जल भराव से परेशान कॉलोनी निवासी अब सड़क पर उतरकर संघर्ष करने को मजबूर होंगे।
महेंद्रगढ़ के रेवासा रोड ROB (रेलवे ओवर ब्रिज) के नीचे और आदर्श कॉलोनी मुख्य मार्ग पर पिछले 3 वर्षों से जारी गंभीर जलभराव को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। कॉलोनी वासियों का सीधा आरोप है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के ‘सुशासन’ के दावों की धरातल पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सरेआम धज्जियां उड़ रही हैं। नेशनल हाईवे 148-B का सारा गंदा और बरसाती पानी यहाँ जमा हो रहा है, जिससे क्षेत्र में घुटनों तक बदबूदार पानी भरा हुआ है। इस गंभीर समस्या को लेकर म्युनिसिपल कमेटी इसे मार्केटिंग बोर्ड का बता रही है, जबकि पीडब्ल्यूडी (PWD), पब्लिक हेल्थ और हाईवे बनाने वाली कंपनी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी टालकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सांसद, विधायक, उपायुक्त और एसडीएम सभी को बार-बार लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन हर बार केवल झूठे आश्वासन मिले और धरातल पर कार्रवाई ‘जीरो’ रही।
स्थानीय प्रशासन, SDO और JE की घोर लापरवाही के कारण कॉलोनी में मच्छर और भयंकर बीमारियां पनप रही हैं, जिससे यहाँ महामारी का चौबीसों घंटे खतरा बना हुआ है। काॅलोनी निवासियों ने हरियाणा सरकार व जिला प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन द्वारा इस पर तुरंत संज्ञान लेकर गंदे पानी की स्थाई निकासी नहीं की गई, तो समस्त क्षेत्रवासी सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने को मजबूर होंगे।
