Narnaul: प्रदेश सरकार के सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को नांगल चौधरी के नगर पालिका कार्यालय, सहबाजपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और खंड निजामपुर के बसीरपुर स्कूल में सेवा सेतु कैंप आयोजित किए गए। एसडीएम उदय सिंह ने बसीरपुर में आयोजित कैंप का निरीक्षण कर मौके पर ही एक लाभार्थी की वृद्धावस्था पेंशन बनाई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जनसेवा के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से चल रहे इस अभियान में अब सोमवार को निजामपुर खंड के गांव दंचोली के पंचायत घर में शिविर लगेगा। इससे पहले शनिवार को नांगल चौधरी में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) कार्यालय और एससी चौपाल में कैंप लगा था, जहां बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और संबंधित विभागों के अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा ने शनिवार को कैंप का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लोगों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना से जुड़े परिवार भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। साथ ही पंडित दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के लिए भी आवेदन लिए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने नजदीकी कैंप में पहुंचकर अपनी शिकायतें दर्ज करवाएं और योजनाओं का लाभ उठाएं।
अभियान का उद्देश्य सरकारी सेवाओं और योजनाओं को सीधे लोगों के द्वार तक पहुंचाना है। कैंपों में अलग-अलग विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहते हैं, ताकि लोगों को अपने काम के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। मौके पर ही आवेदन लेने के साथ-साथ लोगों की शिकायतें भी दर्ज की जा रही हैं, जिससे उनका समय और खर्च दोनों बचते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कैंपों में दर्ज होने वाले आवेदनों और शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर उनके निपटारे की प्रक्रिया शुरू की जाती है। उन्होंने आसपास के ग्रामीणों और शहरवासियों से आह्वान किया कि वे सोमवार को दंचोली के पंचायत घर में लगने वाले शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लें और अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं।
Narnaul: एसडीएम उदय सिंह ने मौके पर ही बनाई वृद्धावस्था पेंशन

शेयर करें
AI Quick Summary
Want to save time? Let our AI read the article and give you 3 quick bullet points.
Listen to this article
AUDIO VERSION
विज्ञापन
