Narnaul: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य को लेकर गुरुवार को हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। बैठक में महेंद्रगढ़ जिले में अब तक हुए कार्य की भी समीक्षा की गई।
बैठक के बाद उपायुक्त अनुपमा अंजली ने बताया कि जिले में एसआईआर का काम बेहद पारदर्शी तरीके से चल रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य साफ है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से न छूटे।
जिले में अब तक करीब 1.23 लाख नोटिस जारी किए गए, जो सभी संबंधित लोगों तक पहुंचा दिए गए हैं। इनमें से लगभग 1.22 लाख मामलों में सुनवाई हो चुकी है, यानी 99 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा हो गया है। शेष मामलों का निपटारा भी जल्द करने की तैयारी है।
प्रक्रिया के दौरान फॉर्म 6, 7 और 8 के तहत जिले में 28 हजार से ज्यादा आवेदन मिले। इनमें से करीब 25 हजार आवेदनों का निस्तारण किया जा चुका है। दावे और आपत्तियों की सूची चारों निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों द्वारा हर सप्ताह राजनीतिक दलों के साथ साझा की जा रही है, जबकि दावों और आपत्तियों की सुपर-चेकिंग का काम पूरा हो चुका है।
राजनीतिक दलों की भागीदारी भी इस प्रक्रिया में उल्लेखनीय रही। चारों निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों और जिला निर्वाचन अधिकारी स्तर पर नियमित बैठकें कर इन राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
मतदाता सूची की बात करें तो 31 जुलाई 2026 तक जारी प्रारूप सूची में जिले में कुल 6 लाख 85 हजार 653 मतदाता दर्ज हैं। जिले के सभी 772 मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी तैनात हैं और उनकी निगरानी के लिए 80 सुपरवाइजर लगाए गए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्य समय पर पूरा किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

