Narnaul: जिला महेन्द्रगढ़ की सभी 343 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन
Narnaul: हरियाणा सरकार के विकास एवं पंचायत विभाग के निर्देशानुसार 2 अक्टूबर को जिला महेन्द्रगढ़ की सभी 343 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया। ग्राम सभाओं में ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। ग्राम सभाओं का आयोजन संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच की अध्यक्षता में किया गया।
सतनाली में आयोजित हुई महा ग्राम सभा सतनाली खंड के महाग्राम योजना में शामिल होने के कारण विशेष महा ग्राम सभा का आयोजन किया गया। सरपंच मनीषा देवी की अध्यक्षता में हुई इस ग्राम सभा में मुख्य अतिथि अमित जैन, कार्यकारी अभियंता, विशिष्ठ अतिथि जिला सलाहकार मंगतु राम सरसवा, सरपंच प्रतिनिधि धर्मबीर गोठवाल, जेई कुणाल, ग्राम सचिव मनीष, सभी पंच, कैलाश, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, नलकूप चालक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सुझाव लिए।
जल जीवन मिशन 2.0 के ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम को विशेष प्राथमिकता
विशेष ग्राम सभाओं में जल जीवन मिशन 2.0 के तहत ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम को विशेष रूप से शामिल किया गया। जिन ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन की योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां ‘जल अर्पण’ की प्रक्रिया पूर्ण कर ‘हर घर जल’ ई-प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
जिला महेन्द्रगढ़ की सिंगल विलेज स्कीम में शामिल 18 ग्राम पंचायतों में भी आज जल अर्पण कार्यक्रम पूर्ण किया गया। इनमें अटेली खंड की नांगल, नीरपुर राजपूत एवं पृथ्वीपुरा। कनीना खंड की बाघोत।
महेन्द्रगढ़ खंड की रीवासा, सिसोठ, गुलावला, खेड़की, आकोदा, खैरोली, नांगल सिरोही, बसई, कुराहवटा एवं पाली। नारनौल खंड की महरमपुर एवं कांवी तथा सीहमा खंड की छापड़ा सलीमपुर एवं दौंगड़ा जाट ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
कार्यकारी अभियंता अमित जैन ने इस दौरान ग्रामीणों को पेयजल की उपलब्धता, जल स्रोतों की स्वच्छता, ‘हर घर जल’ व्यवस्था के निरंतर संचालन तथा जल संरक्षण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया व ग्रामीणों की तरफ से पेयजल संबंधित समस्याओं के बारे में समाधान बताते हुए कहा कि सतनाली गांव के लिए 79 लाख रूपये के अनुमानित लागत से 3 नए ट्यूबवेल, 1150 लाख की अनुमानित लागत से एक बुस्टिंग स्टेशन लगभग 35 किलोमीटर की पाइपलाइन के लिए एस्टीमेट हेड ऑफिस मंजूरी के लिए भेज रखा है।
इसके अलावा घरेलू सीवर कनेक्शन के लिए लगभग 112 लाख रूपये की अनुमानित लागत से 2500 घरों के लिए एस्टीमेट प्रोपोज किया गया है। सरकार द्वारा मंजूरी मिलते ही इनका कार्य शुरू कर दिया जाएगा जिससे सतनाली में पेयजल व सीवर संबंधित समस्याओं का समाधान होगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे सीवर के घरेलू कनेक्शन मंजूर करवाएं ताकि महग्राम का उद्देश्य सफल हो सके।
ग्राम पंचायत विकास योजना एवं आगामी विकास कार्यों पर चर्चा
ग्राम सभाओं में 2026-27 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) तैयार करने की प्रक्रिया, गांव की प्राथमिक आवश्यकताओं एवं आगामी विकास कार्यों पर चर्चा की गई।
साथ ही विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) के तहत स्थानीय आवश्यकताओं और समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार करने तथा ग्राम सभा से उनका अनुमोदन करवाने पर भी जोर दिया गया।
स्वच्छता एवं ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान
ग्राम सभाओं में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत गांव में स्वच्छता की स्थिति की समीक्षा की गई। पंच-सरपंच, सफाई मित्र, स्वयं सहायता समूह, युवा क्लब, पूर्व सैनिकों एवं अन्य संबंधित लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए गांव को स्वच्छ एवं कचरा-मुक्त बनाने के लिए कार्ययोजना पर चर्चा की गई। ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छता व्यवस्था के निरंतर संचालन की भी समीक्षा की गई।
बाल विवाह मुक्त गांव बनाने का संकल्प
‘बाल विवाह मुक्त गांव’ अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के समन्वय से यह सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई कि गांव में बाल विवाह की कोई घटना न हो। इसके लिए ग्राम सभा में बाल विवाह मुक्त गांव बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लेने तथा आवश्यक घोषणा प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
परिवार पहचान पत्र एवं सामाजिक योजनाओं का सत्यापन
ग्राम सभाओं में परिवार पहचान पत्र से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। नागरिक संसाधन सूचना विभाग (CRID) के समन्वय से परिवार पहचान पत्र में दर्ज पारिवारिक विवरण एवं अन्य जानकारी की जांच, पात्र व्यक्तियों के नाम जोड़ने, आवश्यक सुधार करने तथा पात्र लाभार्थियों के डेटा का सत्यापन करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाई
ग्राम सभाओं में सरकार द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण विकास से जुड़े सुधारों एवं विकास कार्यों की उपलब्धियों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा भविष्य में गांव के विकास के लिए ग्रामीणों से सुझाव भी लिए गए।
बजट 2026-27 के महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा
ग्राम सभाओं में बजट 2026-27 से जुड़े महत्वपूर्ण एजेंडा बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। इनमें गांव में पेयजल आपूर्ति की स्थिति, गंदे पानी की निकासी एवं प्रबंधन, अमृत सरोवर से संबंधित कार्य, गांव में नशे की स्थिति, सामाजिक पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन, स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन, सरकारी भवनों के रख-रखाव तथा e-GramSwaraj पोर्टल पर दर्ज विकास कार्यों की समीक्षा जैसे विषय प्रमुख रहे।
यह भी देखें हरियाणा के खजाने में बड़ा उछाल- सितंबर में SGST कलेक्शन 14% बढ़कर 4,445 करोड़ पहुंचा
