Narnaul: पुलिस महानिदेशक, हरियाणा अजय सिंघल के निर्देशानुसार एचएसआरपी नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध चलाए जाने वाले विशेष अभियान को लेकर पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने जिले के सभी थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को प्रभावी वाहन जांच के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत बिना नंबर प्लेट, निर्धारित मानकों के अनुरूप हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) नहीं लगाने, नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने तथा वाहन का पंजीकरण नंबर छिपाने वाले वाहनों की जांच कर नियमानुसार इम्पाउंड करने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के दौरान अनधिकृत, छेड़छाड़ की गई, ढकी हुई, धुंधली अथवा अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी। नंबर प्लेट पर टेप, स्टीकर या अन्य सामग्री लगाकर अक्षर अथवा अंक छिपाने और पंजीकरण नंबर को इस प्रकार प्रदर्शित करने, जिससे वाहन की सही पहचान करने में कठिनाई हो, जैसी अनियमितताओं की भी जांच की जाएगी। ऐसे मामलों में लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार वाहन इम्पाउंड करने की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वाहन की नंबर प्लेट उसकी पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। स्पष्ट और निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट होने से यातायात व्यवस्था के संचालन के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं, वाहन चोरी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं में संबंधित वाहन की पहचान करने में सहायता मिलती है। नंबर प्लेट से छेड़छाड़ अथवा उसे ढककर वाहन की पहचान छिपाने की प्रवृत्ति को गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान नंबर प्लेट संबंधी अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई के साथ वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाए।
वाहन मालिक यह सुनिश्चित करें कि उनके वाहन पर निर्धारित मानकों के अनुरूप एचएसआरपी लगी हो और पंजीकरण नंबर साफ एवं आसानी से पढ़ने योग्य हो। नंबर प्लेट क्षतिग्रस्त होने अथवा अक्षर व अंक अस्पष्ट होने पर उसे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बदलवाएं। नंबर प्लेट पर ऐसी कोई सामग्री न लगाएं, जिससे वाहन का नंबर आंशिक अथवा पूर्ण रूप से छिप जाए।
पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों से अन्य यातायात नियमों का पालन करने का भी आह्वान किया। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठी सवारी हेलमेट पहनें और कार में चालक व अन्य सवारियां सीट बेल्ट का प्रयोग करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं। गलत दिशा में वाहन चलाने, खतरनाक ओवरटेकिंग और लाल बत्ती का उल्लंघन करने से बचें। अभिभावक नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगवाएं और नंबर प्लेट को हमेशा साफ एवं स्पष्ट रखें। यातायात नियमों का पालन स्वयं तथा दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए करें। जिम्मेदार वाहन चालक बनें और सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने में महेंद्रगढ़ पुलिस का सहयोग करें।

