Rajasthan Weather: राजस्थान में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ प्री-मानसून बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को राज्य के 25 जिलों में आंधी, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी जारी की है। बुधवार को जयपुर, भरतपुर, नागौर, सीकर और श्रीगंगानगर के कई क्षेत्रों में एक इंच तक बारिश दर्ज की गई। मौसम में आए बदलाव से कई इलाकों में तापमान में राहत मिली, हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में गर्मी का असर बरकरार रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में बादलों की आवाजाही और बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी।
श्रीगंगानगर में सबसे ज्यादा गर्मी, पश्चिमी जिलों में तपिश बरकरार
पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश और उमस का मिश्रित असर देखने को मिला, जबकि पश्चिमी जिलों में गर्मी अधिक रही। श्रीगंगानगर में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी में 42 डिग्री, जैसलमेर में 40.7, बीकानेर में 40.4, बाड़मेर में 40.3 और चित्तौड़गढ़ में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। पाली में 39.3, जोधपुर और दौसा में 39.2 तथा जालोर और हनुमानगढ़ में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। गर्मी और उमस के कारण लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा।
भरतपुर, नागौर, बीकानेर और सीकर में अच्छी बारिश
बुधवार को कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। भरतपुर जिले के कामां में 40 एमएम, पहाड़ी में 15 एमएम और डीग में 8 एमएम बारिश हुई। नागौर के लाडनूं में 47 एमएम और परबतसर में 6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। बीकानेर जिले के लूणकरणसर में 13 एमएम, श्रीडूंगरगढ़ में 21 एमएम और जसरासर में 9 एमएम वर्षा दर्ज की गई।
सीकर जिले के रींगस में 31 एमएम और पलसाना में 5 एमएम बारिश हुई। हनुमानगढ़ के डबलीराठन में 36 एमएम, गोलूवाला में 7 एमएम तथा भादरा में 8 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान में 26 एमएम, पदमपुर में 20 एमएम और केसरीसिंहपुर में 11 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा झुंझुनूं, अलवर, बारां, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई।
जयपुर और आसपास के इलाकों में मौसम रहा बदला-बदला
राजधानी जयपुर में बुधवार को दिनभर उमस का असर बना रहा। सुबह हल्की बारिश हुई, जबकि दोपहर के समय हल्के बादल छाए रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। चौमूं में 25 एमएम और जमवारामगढ़ में 20 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जयपुर जिले का अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है। बारिश के कारण कई इलाकों में तापमान में हल्की गिरावट भी देखने को मिली।
जोधपुर, उदयपुर, अलवर और कोटा में ऐसा रहा मौसम
जोधपुर में सुबह हल्के बादल छाए रहे, लेकिन गर्मी और उमस से लोगों को खास राहत नहीं मिली। यहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में हल्की गिरावट की संभावना जताई है।
उदयपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप के कारण फतह सागर झील के जलस्तर पर भी असर देखा गया। अलवर में सुबह से दोपहर तक घने बादल छाए रहे, हालांकि बारिश नहीं हुई। यहां अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहा। कोटा में अधिकतम तापमान 38.8 और न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पूरे दिन उमस का असर बना रहा।
अजमेर और सीकर में राहत, आगे भी बारिश के आसार
अजमेर में बुधवार को गर्मी और उमस का मिला-जुला असर देखने को मिला। जिले का अधिकतम तापमान 37.9 और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम के समय मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा रहा।
सीकर जिले में सुबह से ही बादल छाए रहे और कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने सीकर सहित शेखावाटी क्षेत्र में आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है। सीकर का अधिकतम तापमान 34.6 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें; पंजाब में 2 दिन बारिश और आंधी का यलो अलर्ट

