Jind News: हरियाणा के जींद जिले में शनिवार की देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस और भैंस चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। यह पूरी वारदात बिशनपुरा गांव के पास रात करीब 11:30 बजे की है, जब सन्नाटे को चीरती हुई ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा।
पुलिस के डिटेक्टिव स्टाफ को पहले ही एक सटीक इनपुट मिल चुका था कि सफेद रंग की पिकअप गाड़ी में सवार कुछ शातिर बदमाश पशु चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए जींद शहर की तरफ कूच कर रहे हैं। इसी सूचना पर पुलिस ने जाल बिछाया था।
बदमाशों ने सरकारी गाड़ी को मारी टक्कर, आत्मरक्षा में पुलिस ने दागीं गोलियां
जैसे ही संदिग्ध पिकअप गाड़ी पुलिस की नाकेबंदी के करीब पहुंची, जवानों ने टॉर्च दिखाकर उसे रुकने का सिग्नल दिया। खुद को चारों तरफ से घिरा देख बदमाशों के हौसले पस्त होने के बजाय और बढ़ गए। उन्होंने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस की सरकारी वैन को सीधे जोरदार टक्कर मार दी। इसके साथ ही गाड़ी में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए सीधी फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले के बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी गोलियां दागीं।
दो को लगी गोली, तीसरे की टूटी टांग; मौके पर ही दबोचे
पुलिस की तरफ से हुई क्रॉस फायरिंग में दो आरोपियों के पैर में गोलियां लगीं और वे लहुलूहान होकर वहीं ढेर हो गए। इस बीच उनका तीसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की तरफ भागने लगा, लेकिन हड़बड़ाहट में गिरने के कारण उसकी टांग टूट गई। पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों को रंगे हाथों मौके पर ही दबोच लिया। घायल अवस्था में तीनों को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां भारी पुलिस सुरक्षा के बीच उनका इलाज चल रहा है।
यूपी के शामली और कैराना से जुड़े तार, अवैध असलहा बरामद
शुरुआती तफ्तीश में जो सच सामने आया है, उसने पुलिस को भी चौंका दिया है। पकड़े गए तीनों आरोपी हरियाणा के नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश के शामली जिले के रहने वाले हैं।
इनकी पहचान अकबरपुर सुनहेटी के फुरकान उर्फ मिर्ची, बढ़ेड के कामिल और कुख्यात इलाके कैराना के रहने वाले सोहेल के रूप में हुई है। जामा तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी फुरकान के पास से 315 बोर और कामिल के पास से 12 बोर का अवैध देसी पिस्तौल व जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हो रही पिकअप गाड़ी को सीज कर दिया है और इनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के लिए यूपी पुलिस से संपर्क साधा है।

