August 6, 2026

Nuh News: नूंह में बारूद से भरा टेम्पो जब्त, 72 किलो कोयला, पोटैशियम और मिक्स विस्फोटक के साथ 3 गिरफ्तार

0
Nuh News: नूंह में बारूद से भरा टेम्पो जब्त, 72 किलो कोयला, पोटैशियम और मिक्स विस्फोटक के साथ 3 गिरफ्तार

नूंह में बारूद से भरा टेम्पो जब्त, 72 किलो कोयला, पोटैशियम और मिक्स विस्फोटक के साथ 3 गिरफ्तार

Nuh News: हरियाणा के नूंह जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री और पटाखों के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फिरोजपुर झिरका सदर थाना पुलिस की टीम ने अगोन से फिरोजपुर झिरका जाने वाले मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर बारूद से भरे एक टेम्पो को पकड़ा है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को दबोचकर उनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक रसायन, बारूद और पटाखा बनाने का सामान जब्त किया है।

मुखबिर की सटीक सूचना पर अगोन मोड़ पर बिछाया गया जाल

डीएसपी हरदीप सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि फिरोजपुर झिरका सदर थाने की एक पुलिस टीम दिल्ली-अलवर रोड पर अगोन मोड़ के पास रात्रि गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि बिसरू गांव के रहने वाले तीन युवक अवैध बारूद की तस्करी में लिप्त हैं और वे टेम्पो में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री लादकर अगोन से फिरोजपुर झिरका की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत रोड पर नाकाबंदी कर गाड़ियों की सघन जांच शुरू कर दी।

20 मिनट की नाकाबंदी के बाद हत्थे चढ़े बिसरू गांव के तीन आरोपी

नाकाबंदी के करीब 20-25 मिनट बाद अगोन की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध टेम्पो को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चालक ने गाड़ी रोकने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए टेम्पो को घेर लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी में सवार तीनों युवकों को मौके पर ही काबू कर लिया गया। पूछताछ में चालक की पहचान मुकीम (पुत्र इसराईल) के रूप में हुई, जबकि उसके साथ बैठे दोनों युवकों ने अपना नाम इमरान (पुत्र दीन मोहम्मद) और अजीम (पुत्र वहीद) बताया। तीनों आरोपी बिछौर थाना क्षेत्र के गांव बिसरू के रहने वाले हैं।

72 किलो कोयला, पोटैशियम और बारूद समेत भारी सामान बरामद

पुलिस ने जब टेम्पो के पिछले हिस्से की तलाशी ली, तो अधिकारियों के भी होश उड़ गए। गाड़ी के अंदर 4 कट्टों में भरा 72.220 किलोग्राम पिसा हुआ कोयला, 7.400 किलोग्राम गंधक, 35.480 किलोग्राम पोटैशियम, 18.680 किलोग्राम मिक्स बारूद और 120 किलोग्राम पुट्टी बरामद हुई। इसके अलावा 2 डिब्बे पीला पेंट, 4 प्लास्टिक तसले, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 150 खाली गत्ते के डिब्बे, 3 टेप मशीन, 15 पैकेट तैयार पटाखे (150 छोटी डिब्बियां), 10 पेटियों में 1080 पेपर ट्यूब चकली, 13 पेटियों में 1456 चकली और 23 पैकेट माचिस की डिब्बियां जब्त की गईं।

अवैध पटाखे बनाने की थी तैयारी, कोर्ट से रिमांड पर लेगी पुलिस

पुलिस द्वारा जब जब्त विस्फोटक सामग्री के संबंध में वैध लाइसेंस या कागजात मांगे गए, तो तीनों आरोपी कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सके। पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ फिरोजपुर झिरका सदर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस सामग्री का इस्तेमाल इलाके में अवैध तरीके से पटाखे बनाने के लिए किया जाना था। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह बारूद कहां से खरीदा गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

यह भी पढ़ें–Narnaul Theft News: नारनौल में बंद मकान से 2 लाख कैश और जेवर चोरी, पिता के तीये में रोहतक गया था परिवार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed