August 13, 2026

Nuh News: नूंह में ACB का बड़ा एक्शन, तावड़ू थाने में महिला हेड कांस्टेबल 15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

0
Nuh News: नूंह में ACB का बड़ा एक्शन, तावड़ू थाने में महिला हेड कांस्टेबल 15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

नूंह में ACB का बड़ा एक्शन, तावड़ू थाने में महिला हेड कांस्टेबल 15 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

Nuh News: खाकी को शर्मसार करने वाला एक और मामला हरियाणा के नूंह जिले से सामने आया है। तावड़ू सदर थाने में तैनात महिला हेड कांस्टेबल प्रियंका को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने थाने के भीतर ही 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा। प्रियंका हाल ही में दर्ज हुए एक संवेदनशील दुष्कर्म मामले की जांच अधिकारी (IO) थीं। थाने परिसर के अंदर हुई इस अचानक कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

केस से नाम हटाने के लिए मांगी थी घूस

जानकारी के अनुसार, करीब चार दिन पहले तावड़ू सदर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म का एक मामला दर्ज हुआ था। इस हाई-प्रोफाइल मामले की तफ्तीश का जिम्मा हेड कांस्टेबल प्रियंका के पास था। शिकायतकर्ता पक्ष की ओर से इस मामले में एक अन्य व्यक्ति को भी आरोपी बनाने की कोशिश की जा रही थी। आरोप है कि जांच अधिकारी प्रियंका ने उस बेकसूर व्यक्ति का नाम मुकदमे से बाहर करने और उसे राहत देने के बदले में पैसों की मांग रख दी।

शिकायत मिलते ही एसीबी ने बिछाया जाल

जिस व्यक्ति का नाम केस में घसीटा जा रहा था, उसकी पत्नी ने रिश्वत की मांग से तंग आकर एंटी करप्शन ब्यूरो का रुख किया और पूरी आपबीती सुनाई। एसीबी की टीम ने गोपनीय तरीके से शिकायत का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद ब्यूरो ने आरोपी महिला पुलिसकर्मी को बेनकाब करने के लिए जाल बिछाया। तय रणनीति के तहत, शिकायतकर्ता महिला केमिकल लगे 15 हजार रुपये लेकर तावड़ू सदर थाने पहुंची।

थाने में ही बिछाया जाल, रंगे हाथों हुई गिरफ्तारी

जैसे ही शिकायतकर्ता महिला ने कमरे में जाकर हेड कांस्टेबल प्रियंका को 15 हजार रुपये की रकम सौंपी, बाहर मुस्तैद बैठी एसीबी की टीम ने तुरंत दबिश दे दी। टीम ने प्रियंका के पास से रिश्वत की पूरी रकम रंगे हाथों बरामद कर ली और उनके हाथ धुलाए जाने पर पानी का रंग गुलाबी हो गया।

इस कार्रवाई के बाद थाने में मौजूद अन्य कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एसीबी की टीम आरोपी हेड कांस्टेबल को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा कर रही है। वहीं, जांच एजेंसी अब इस पहलू की भी गहनता से पड़ताल कर रही है कि क्या इस घूसखोरी के खेल में थाने का कोई और अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल था।

यह भी पढ़ें– Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *