Panchkula Dussehra security: पंचकूला में दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न करवाने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर में दशहरा उत्सव के दौरान 50 हजार से अधिक लोगों के जुटने की आशंका है। इसे देखते हुए पुलिस ने विशेष नाकेबंदी, गश्त और यातायात प्रबंधन की तैयारियां की हैं। पुलिस कमिश्नर IPS पंकज नैन के निर्देशों पर सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई है। सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड यानी शालीमार ग्राउंड में रावण दहन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए ग्राउंड के सभी 8 गेट खुले रखे जाएंगे, ताकि कार्यक्रम के बाद भीड़ को बाहर निकलने में परेशानी न हो। पुलिस ने भीड़ के दबाव और भगदड़ जैसी संभावित स्थिति से निपटने के लिए दो JCB भी ग्राउंड में तैयार रखने की व्यवस्था की है। जरूरत पड़ने पर इनकी मदद से दीवार तोड़कर निकासी का रास्ता बनाया जा सकेगा। Read also: राजस्थान में दशहरा सिर्फ रावण दहन नहीं, स्थानीय लोककथाओं और सदियों पुरानी मान्यताओं की भी कहानी
625 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा, 4 ACP अधिकारियों को जिम्मेदारी
डीसीपी अदिति सिंह ने सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दशहरा पर्व के दौरान पंचकूला में कुल 625 पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए ACP स्तर के 4 अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दशहरा ग्राउंड और उसके आसपास पुलिस की विशेष तैनाती रहेगी। यहां 7 स्पेशल नाके स्थापित किए गए हैं। इन नाकों के जरिए क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा PCR और बाइक राइडर टीमें ग्राउंड तथा आसपास के इलाकों में लगातार गश्त करेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। Read also: अमृतसर में दशहरे की धूम, छह प्रमुख स्थानों पर जलेंगे रावण-मेघनाद-कुंभकर्ण के पुतले
कई सेक्टरों और कालका-पिंजौर में भी पुलिस तैनात
पुलिस ने केवल सेक्टर-5 के मुख्य दशहरा आयोजन पर ही नहीं, बल्कि शहर और आसपास के अन्य क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रमों के लिए भी सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सेक्टर-14, सेक्टर-15, सेक्टर-16, सेक्टर-19, रायपुररानी, चंडीमंदिर, पिंजौर और कालका में आयोजित होने वाले दशहरा उत्सवों के लिए भी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने और वाहनों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात प्रबंधन की भी तैयारी की गई है। पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, ताकि आयोजन स्थलों के आसपास जाम की स्थिति से बचा जा सके और लोगों की आवाजाही व्यवस्थित बनी रहे। दशहरा देखने आने वाले लोगों को पुलिस के निर्देशों का पालन करने, प्रवेश और निकासी के रास्तों को खुला रखने तथा भीड़ के बीच धक्का-मुक्की से बचने की जरूरत है। किसी भी आपात स्थिति में पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना और निर्धारित रास्तों से ही बाहर निकलना सुरक्षा के लिहाज से जरूरी रहेगा। Read also: जानिए दशहरे पर किन संकेतों से पूरी होती है हर मनोकामना, इन शुभ चीजों के दर्शन बिल्कुल न चूकें

