पिंजौर में अकेले रह रहे बुजुर्ग की कमरे में मौत, दो दिन बाद पड़ोसियों को हुई चिंता तो खोला दवाज़ा
पिंजौर में अकेले रह रहे बुजुर्ग की कमरे में मौत
Panchkula News: पंचकूला जिले के पिंजौर स्थित HMT कॉलोनी में 72 वर्षीय बुजुर्ग का शव उनके कमरे से बरामद हुआ है। मृतक की पहचान रणजीत के रूप में हुई है। वह लंबे समय से कॉलोनी में अकेले रह रहे थे और आसपास के लोगों के छोटे-मोटे कामों में मदद करके अपना गुजारा करते थे।स्थानीय निवासी ओमप्रभा शर्मा के मुताबिक, रणजीत पिछले दो दिनों से आसपास दिखाई नहीं दिए थे। आमतौर पर लोगों के संपर्क में रहने वाले रणजीत के लगातार नजर नहीं आने पर पड़ोसियों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने उनके कमरे में जाकर देखा तो वह अंदर मृत अवस्था में पड़े थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार रणजीत वर्ष 1997 से HMT कॉलोनी में रह रहे थे। वह मूल रूप से सूरजपुर के रहने वाले थे। उनकी शादी हुई थी, लेकिन लंबे समय से वह कॉलोनी में अकेले रह रहे थे। रणजीत के परिवार में एक बहन राजपुरा में रहती है, जबकि उनका एक भाई पिंजौर में रहता है। बताया गया है कि उनका भाई रोडवेज विभाग में कार्यरत है। स्थानीय लोगों के मुताबिक रणजीत आसपास के लोगों के छोटे-मोटे कामों में मदद करते थे और इसी तरह अपना जीवन चला रहे थे।
दो दिन से नहीं दिखे तो पड़ोसियों ने कमरे में जाकर देखा
ओमप्रभा शर्मा ने बताया कि रणजीत मंगलवार से दिखाई नहीं दिए थे। दो दिन तक जब वह नजर नहीं आए तो पड़ोसियों ने उनके कमरे का पता लगाने की कोशिश की। कमरे में जाकर देखने पर रणजीत मृत अवस्था में मिले। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए कॉलोनी के सिक्योरिटी कर्मचारियों और पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
सूचना मिलने के बाद एएसआई कप्तान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लिया और कालका अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में फिलहाल मौत प्राकृतिक कारणों से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मौके पर किसी तरह की संदिग्ध परिस्थिति सामने आई है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
