Panipat Accident: पानीपत (panipat news today) से दोस्तों और सहकर्मियों के साथ धार्मिक यात्रा पर हरिद्वार निकलना एक परिवार के लिए जिंदगी भर का गम दे गया। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना में पानीपत-खटीमा हाईवे बाईपास फ्लाईओवर (panipat khatima highway accident) पर बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया।
पानीपत से हरिद्वार जा रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी हवा में उछलकर चार बार पलटी और फिर करीब 100 मीटर तक हाईवे पर घिसटती चली गई। इस भयावह हादसे में पानीपत के फैक्ट्री मालिक और उनके एक कर्मचारी की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो लोग जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं।
पानीपत से सुबह ही निकले थे हरिद्वार के लिए
जानकारी के मुताबिक, पानीपत निवासी 40 वर्षीय संदीप कुमार दुहन अपनी फैक्ट्री चलाते थे। (kairana news) बुधवार सुबह वे अपनी स्कॉर्पियो से अपनी ही फैक्ट्री में काम करने वाले तीन कर्मचारियों अंकित (22), मेजर और आतिश के साथ हरिद्वार घूमने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी गाड़ी कैराना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाईवे के बाईपास फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी अचानक गाड़ी की रफ्तार के बीच संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते स्कॉर्पियो जोरदार आवाज के साथ डिवाइडर से जा टकराई।
मौके पर मचा हड़कंप, दो लोगों की गई जान
धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े। दुर्घटना में गाड़ी के परखच्चे उड़ चुके थे और उसमें सवार चारों लोग खून से लथपथ अंदर फंसे हुए थे। सूचना पर पहुंची कैराना थाना पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी को गाड़ी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक कार चला रहे फैक्ट्री मालिक संदीप कुमार दुहन और युवा श्रमिक अंकित की सांसे थम चुकी थीं।
दो घायलों की हालत नाजुक, हायर सेंटर रेफर
हादसे में गंभीर रूप से घायल मेजर और आतिश को तुरंत एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की हालत बेहद चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पानीपत में उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। इस अचानक हुए हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

