September 18, 2026

Panipat Cyber Fraud: पानीपत में गैस बिल अपडेट के नाम पर 15.80 लाख की साइबर ठगी, APK फाइल से हैक हुए फोन

0
Panipat Cyber Fraud: पानीपत में गैस बिल अपडेट के नाम पर 15.80 लाख की साइबर ठगी, APK फाइल से हैक हुए फोन

पानीपत में गैस बिल अपडेट के नाम पर 15.80 लाख की साइबर ठगी, APK फाइल से हैक हुए फोन

Panipat Cyber Fraud: औद्योगिक नगरी पानीपत में साइबर ठगों ने ठगी का नया और खतरनाक तरीका ईजाद किया है। गैस बिल अपडेट करने और कनेक्शन काटने का डर दिखाकर शातिर अपराधियों ने दो अलग-अलग वारदातों में पीड़ितों के मोबाइल में फर्जी APK (एंड्रॉयड एप्लिकेशन) फाइल इंस्टॉल करवा दी। फोन हैक होते ही नेट बैंकिंग का एक्सेस हासिल कर ठगों ने दो लोगों के बैंक खातों से कुल 15 लाख 80 हजार 541 रुपये की चपत लगा दी। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

टीडीआई सिटी के निवासी को अडानी गैस कर्मी बनकर बनाया शिकार

पहला मामला सेक्टर-39 स्थित टीडीआई सिटी के रहने वाले विजय गुलाटी के साथ हुआ। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 सितंबर को उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई।

फोन करने वाले ने खुद को ‘अडानी गैस कंपनी’ का नुमाइंदा बताया और कहा कि सिस्टम में उनका गैस बिल अपडेट होना बाकी है, जो अनिवार्य है। इसके बाद आरोपी ने एक व्हाट्सएप फाइल भेजी। जैसे ही विजय गुलाटी ने उस फाइल को अपने फोन में डाउनलोड किया, उनका मोबाइल स्क्रीन फ्रीज हो गया। जब तक वे कुछ समझ पाते, हैकरों ने नेट बैंकिंग के जरिए उनके खाते से 5 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।

चाचा के मैसेज पर भतीजे ने मिलाया फोन, दो बैंक खातों से पार हुए ₹10.80 लाख

ठगी की दूसरी और बड़ी वारदात अंसल सुशांत सिटी निवासी अरुण के साथ घटी। दरअसल, 16 सितंबर को अरुण के चाचा (निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, असंध रोड) के व्हाट्सएप पर एक चेतावनी भरा मैसेज आया था, जिसमें गैस बिल अपडेट न होने पर कनेक्शन काटने की धमकी दी गई थी। चाचा ने मदद के लिए वह मैसेज भतीजे अरुण को फॉरवर्ड कर दिया।

अरुण ने मैसेज में दिए नंबर पर जैसे ही संपर्क किया, ठग ने उन्हें भी व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेज दी। फाइल इंस्टॉल होते ही अरुण का मोबाइल हैक हो गया और हैकरों ने उनके दो अलग-अलग बैंक खातों से क्रमशः ₹5,00,015 और ₹5,80,526 (कुल ₹10,80,541) उड़ा लिए।

अज्ञात अपराधियों के खिलाफ FIR दर्ज, साइबर पुलिस ने जारी की सख्त चेतावनी

दोनों मामलों में मिली शिकायतों के आधार पर साइबर क्राइम थाना पानीपत ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खातों और ट्रांजैक्शन की कड़ियों को खंगाल रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर पुलिस ने आमजन के लिए चेतावनी जारी की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के कहने पर व्हाट्सएप या एसएमएस के जरिए मिली किसी भी ‘.APK’ फाइल या लिंक को डाउनलोड न करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कोई भी अधिकृत कंपनी व्हाट्सएप पर ऐप फाइल भेजकर बिल अपडेट नहीं कराती। यदि आपके पास बिजली या गैस बिल से जुड़ा कोई संदिग्ध मैसेज आता है, तो सीधे आधिकारिक कस्टमर केयर से संपर्क करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

यह भी पढ़ें– Diler Kharkiya News: भिवानी में हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की रेंज रोवर पर फायरिंग, अमेरिका बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित ने ली जिम्मेदारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed