Panipat Fire: हरियाणा के पानीपत जिले में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। चौटाला रोड पर रिसालू गांव के नजदीक स्थित राजा एक्सपोर्ट हाउस में अचानक भीषण आग भड़क उठी। रात के सन्नाटे में उठी आग की ऊंची लपटों ने कुछ ही पलों में पूरी फैक्ट्री को अपनी आगोश में ले लिया। अंदर रखा कीमती सामान और माल देखते ही देखते जलकर खाक होने लगा। गनीमत यह रही कि रात का समय होने के बावजूद इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार के जानी नुकसान की कोई सूचना नहीं है, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
कर्मचारियों की सूझबूझ से समय पर मिली दमकल को सूचना
प्रत्यक्षदर्शियों और फैक्ट्री के कर्मचारियों के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 11 बजे अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण चिंगारी निकली और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की भयानकता को भांपते हुए तुरंत दमकल विभाग को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पानीपत के विभिन्न इलाकों से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सायरन बजाती हुई घटनास्थल की ओर रवाना हो गईं।
6 से ज्यादा गाड़ियों ने किए दर्जनों चक्कर, घंटों चली मशक्कत
आग इतनी भयानक थी कि उस पर तुरंत काबू पाना मुमकिन नहीं हो पा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लाल बत्ती चौक फायर स्टेशन के साथ-साथ सेक्टर 25, समालखा और हाली पार्क फायर स्टेशन से भी दमकल की गाड़ियों को तुरंत मौके पर तलब किया गया। कुल मिलाकर लगभग 6 से 7 गाड़ियां आग बुझाने के काम में जुटी रहीं। सभी गाड़ियों ने पानी डालने के लिए लगातार करीब दस-दस फेरे लगाए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए रात भर पानी की बौछारें कीं और आग को आसपास के इलाकों या अन्य यूनिटों में फैलने से सफलतापूक रोक लिया।
अलसुबह पाया गया काबू, कूलिंग का काम जारी
दमकल विभाग के लीडिंग फायरमैन अमित गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि रात भर चले राहत और बचाव अभियान के बाद अलसुबह करीब साढ़े तीन बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हालांकि, राख के ढेर और मलबे के बीच से अभी भी कहीं-कहीं से सुलगती लपटें उठ रही हैं, जिसके चलते सुरक्षा के लिहाज से दमकल की एक गाड़ी को मौके पर ही तैनात रखा गया है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, लेकिन प्रशासनिक जांच और पूरी औपचारिकताएं होने के बाद ही नुकसान के वास्तविक आंकड़े और कारणों का आधिकारिक खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें–Devsar Dham Bhiwani: भिवानी के 733 साल पुराने देवसर धाम में सजी नवरात्रि की रौनक, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

