पानीपत। पानीपत में नेशनल हाईवे पर रफ्तार का जुनून और नियमों को ताक पर रखकर ओवरटेक करने की आदत एक बार फिर बड़े हादसे की वजह बन गई। सोमवार सुबह समालखा इलाके से एक परिवार कार में सवार होकर चंडीगढ़ के लिए निकला था।
जैसे ही उनकी गाड़ी झट्टीपुर के पास पहुंची, पीछे से काल बनकर आ रही एक निजी बस ने खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान बस ने कार को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि कार सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। चश्मदीदों के मुताबिक, टक्कर लगते ही कार खिलौने की तरह हवा में उछली और सड़क के दूसरी तरफ दिल्ली रोड पर जाकर पलट गई। गनीमत यह रही कि उस वक्त दिल्ली रोड वाले कैरिजवे पर आगे-पीछे कोई दूसरा बड़ा वाहन नहीं आ रहा था, वरना मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता था।
चीख-पुकार सुन दौड़े लोग, शीशे तोड़कर बचाई जान
हादसा होते ही हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और उसके दरवाजे लॉक हो गए थे। इस डरावने मंजर को देख आसपास के दुकानदार और राहगीर अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत मदद के लिए दौड़े।
लोगों ने सबसे पहले एकजुट होकर उल्टी पड़ी कार को सीधा किया। इसके बाद लोहे की रॉड और पत्थरों की मदद से कार की खिड़कियों के शीशे तोड़े गए और भीतर लहूलुहान हालत में फंसे परिवार को बाहर निकाला गया। कार मालिक जीवन हथवाला ने बताया कि उनकी गाड़ी लेकर उनका दोस्त अपने परिवार और बच्चों के साथ चंडीगढ़ जा रहा था, तभी रास्ते में इस हादसे का शिकार हो गया।
पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी, आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू
वारदात की सूचना मिलते ही हाईवे और स्थानीय थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से जख्मी एक बच्चे और एक अन्य व्यक्ति को पानीपत के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
हाईवे पर पलटी कार के कारण कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ, जिसे ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन की मदद से गाड़ी को एक तरफ करवाकर सुचारू कराया। जांच अधिकारी ने बताया कि बस ड्राइवर की शिनाख्त कर ली गई है और हाईवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि लापरवाही से वाहन चलाने का पुख्ता मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा सके।

