Panipat News: ‘पेट्रोल डालो और भूल जाओ!’ पानीपत में 2700 का तेल डलवाकर बिना पैसे दिए फरार हुआ कार सवार
'पेट्रोल डालो और भूल जाओ!' पानीपत में 2700 का तेल डलवाकर बिना पैसे दिए फरार हुआ कार सवार
Panipat News: हरियाणा के पानीपत जिले में अपराध के अतरंगी पैंतरे देखने को मिल रहे हैं। ताजा मामला सेक्टर-6 कट के पास स्थित इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप से सामने आया है, जहां एक शातिर कार चालक ने कर्मचारी को झांसा देकर 2,700 रुपये का ईंधन भरवा लिया और जैसे ही भुगतान की बारी आई, गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर मौके से रफूचक्कर हो गया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
पैसे मांगने पर दबाया एक्सीलेटर
घटनाक्रम के मुताबिक, आरोपी चालक अपनी कार लेकर पेट्रोल डलवाने पंप पर पहुंचा था। उसने कर्मचारी से टैंक में पेट्रोल भरने को कहा। कर्मचारी ने जैसे ही 2,700 रुपये का पेट्रोल डाला और नोजल हटाकर पेमेंट के लिए क्यूआर कोड या नकदी मांगी, ड्राइवर ने अचानक गाड़ी का एक्सीलेटर दबा दिया। जब तक सेल्समैन कुछ समझ पाता, तब तक कार चालक पलक झपकते ही वहां से फर्राटा भरते हुए निकल गया।
कर्मचारियों ने किया पीछा, पर नहीं आए हाथ
अचानक हुई इस हरकत से पेट्रोल पंप पर हड़कंप मच गया। वहां मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत अपनी गाड़ियों से कार का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी चालक इतनी तेज रफ्तार में गाड़ी भगा ले गया कि उसे पकड़ना मुमकिन नहीं हो सका। इसके बाद पंप प्रबंधन ने बिना देर किए स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी और सीसीटीवी फुटेज सौंपी।
सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपी की तलाश
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पेट्रोल पंप पर लगे निगरानी कैमरों की फुटेज को खंगाला। फुटेज में कार का मॉडल और भागने की दिशा साफ दिखाई दे रही है। पुलिस अब आसपास के रास्तों और चौराहों पर लगे अन्य कैमरों की मदद से वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर का पता लगाने की कोशिश कर रही है। थाना पुलिस का दावा है कि गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें–Rohtak News: रोहतक में खाकी के सामने गुंडागर्दी, नेकीराम कॉलेज के बाहर लाठी-डंडे चले, तमाशा देखती रही पीसीआर
