Punjab Chandigarh Weather Alert : चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने राज्य के छह प्रमुख जिलों – पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा में गरज-चमक, बिजली गिरने और आंधी को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। इन इलाकों में रहने वाले लोगों और किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दूसरी ओर, चंडीगढ़ में भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में एक-दो बार तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने की उम्मीद है।
तापमान का गणित और मौसम प्रणाली
राज्य के औसतन अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 4.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, हालांकि यह अब भी सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान भाखड़ा डैम क्षेत्र में 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय पाकिस्तान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवातीय हवाओं का क्षेत्र) सक्रिय है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश और उत्तरी हरियाणा के आसपास पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) बना हुआ है। इन दोनों प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव के कारण 14 और 15 अक्टूबर को भी पंजाब और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी।
मौसम बदलते ही पंजाब में बिजली की मांग में आई गिरावट
मौसम में आई नरमी और तापमान में गिरावट का सीधा असर राज्य की बिजली खपत पर देखने को मिला है। पंजाब में बिजली की दैनिक मांग में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
मंगलवार सुबह के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में बिजली की कुल मांग घटकर 8,202 मेगावाट रह गई। इस दौरान राज्य के अपने स्रोतों से 4,888 मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ, जबकि 3,317 मेगावाट बिजली बाहरी ग्रिड से प्राप्त की गई। निर्धारित कोटे से वास्तविक ड्रॉअल 295 मेगावाट कम रहा, जिससे ग्रिड फ्रीक्वेंसी 49.98 हर्ट्ज पर स्थिर रही।

