Punjab Police Action : संगरूर जिले के शेरों गांव में मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान काला झंडा दिखाने वाले युवक मोहनजीत सिंह के साथ पुलिस हिरासत में हुई प्रताड़ना के मामले ने तूल पकड़ लिया है। विपक्षी दलों के कड़े रुख और जनाक्रोश के सामने अंततः झुकते हुए पंजाब पुलिस ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया।
विभाग ने सुनाम के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है, वहीं मामले से जुड़े तीन अन्य पुलिस कर्मचारियों को संगरूर पुलिस लाइंस भेज दिया गया है।
डीएसपी समेत दो थानों के एसएचओ पर गाज
जारी आधिकारिक आदेशों के मुताबिक सुनाम के डीएसपी हरविंदर सिंह खैरा का प्रशासनिक आधार पर पटियाला के बहादुरगढ़ स्थित फर्स्ट कमांडो बटालियन में खाली पड़े डीएसपी पद पर ट्रांसफर कर दिया गया है। इसके अलावा सुनाम पुलिस स्टेशन के एसएचओ इंस्पेक्टर प्रतीक जिंदल, चीमा थाने के एसएचओ सब-इंस्पेक्टर बलजीत सिंह और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) हरप्रीत सिंह को प्रशासनिक आधार पर तुरंत संगरूर पुलिस लाइंस हाजिर होने के निर्देश दिए गए हैं।
नशे के खिलाफ प्रदर्शन और हिरासत में टॉर्चर का आरोप
दरअसल यह पूरा विवाद 2 सितंबर का है, जब पीड़ित मोहनजीत सिंह ने राज्य में नशे की रोकथाम में आम आदमी पार्टी सरकार की कथित नाकामी के विरोध में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल के पास एक छत से काला झंडा फहराया था और नारेबाजी की थी। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में ले गई। अस्पताल में भर्ती मोहनजीत ने आरोप लगाया कि कस्टडी के दौरान पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया और गंभीर रूप से प्रताड़ित किया। इस घटना के बाद पंजाब की राजनीति में भूचाल आ गया।
राहुल गांधी ने की बात, विपक्ष ने खोला मोर्चा
पीड़ित से मिलने संगरूर सिविल अस्पताल में नेताओं का तांता लग गया। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा, सुखपाल खैरा, शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित का हाल जाना और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी शनिवार को टेलीफोन पर मोहनजीत से बातचीत कर पूरी घटना की जानकारी ली। वहीं भाजपा सांसद तरुण चुघ और विपक्षी नेताओं ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से भी मामले में हस्तक्षेप की गुहार लगाई थी।
Khedan Watan Punjab Diyan 2026 : बठिंडा से शुरू हुआ खेल महाकुंभ, 29 नवंबर तक चलेगा

