Rajasthan Crime News: राजस्थान के अलवर में शुक्रवार देर रात एक 28 वर्षीय गर्भवती महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका की पहचान जनता कॉलोनी निवासी अंतिमा पुत्री रामनरेश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अंतिमा सात महीने की गर्भवती थी। उसने अरावली थाना क्षेत्र के शांतिकुंज इलाके में डबल डेकर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। घटना की जानकारी ट्रेन के गार्ड ने जीआरपी पुलिस चौकी को दी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की कार्रवाई शुरू की।
परिजनों के मुताबिक, अंतिमा शुक्रवार रात करीब 8 बजे स्कूटी लेकर घर से निकली थी। आत्महत्या से कुछ मिनट पहले उसने अपने पति सौम्य राजपूत से फोन पर बात भी की थी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले अंतिमा की अपने पति से क्या बातचीत हुई थी और किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया।
अंतिमा की शादी करीब तीन साल पहले भरतपुर के गोविंद नगर निवासी सौम्य राजपूत से हुई थी। सौम्य राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सकरपुर, भरतपुर में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत है। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज को लेकर परेशान किया जा रहा था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सुसाइड नोट में पति और सास-ससुर पर प्रताड़ना के आरोप
पुलिस के मुताबिक, अंतिमा के सुसाइड नोट में पति और सास-ससुर पर प्रताड़ना के आरोप लगाए गए हैं। नोट में उसने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति सौम्य राजपूत, सास मंजू और ससुर गोपाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सुसाइड नोट और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। मृतका के भाई जसविंदर ने आरोप लगाया कि शादी के समय ससुराल पक्ष को 31 लाख रुपये नकद, ग्रैंड विटारा कार और सोने-चांदी के आभूषण दिए गए थे।
इसके बावजूद अंतिमा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। भाई का यह भी आरोप है कि करीब छह महीने पहले ससुराल वालों ने अंतिमा का गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की थी। इन आरोपों के संबंध में पुलिस साक्ष्य जुटा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा सकती है। अरावली विहार थाना पुलिस ने शिकायत और सुसाइड नोट के आधार पर दहेज से जुड़े मामले में जांच शुरू कर दी है। जांच में पुलिस घटना से पहले की परिस्थितियों, परिवार के आरोपों और सुसाइड नोट में दर्ज बातों की पड़ताल करेगी। फिलहाल, पुलिस की ओर से आरोपों को लेकर अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
यह भी पढें: राजस्थान में दर्दनाक हादसा: घर में अकेले दिव्यांग बुजुर्ग की आग में जलकर मौत, तीनों बेटे काम पर गए थे

