Rajound News: राजौंदवासियों के लिए बड़ी खबर, ब्लॉक नहीं, अब तारकोल से बनेगी 2 किमी मुख्य सड़क, मंत्री ने दिए तुरंत आदेश
राजौंदवासियों के लिए बड़ी खबर, ब्लॉक नहीं, अब तारकोल से बनेगी 2 किमी मुख्य सड़क
Rajound News: राजौंद (नरेश कुमार)। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य विभाग मंत्री रणबीर गंगवा ने राजौंद क्षेत्र के निवासियों की एक बड़ी और पुरानी मांग पर तुरंत मुहर लगा दी है। कलायत स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मंत्री ने ऐलान किया कि राजौंद में करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क अब इंटरलॉकिंग ब्लॉक की बजाय तारकोल (कारपेटिंग) से तैयार की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा की मौजूदगी में राजौंद के प्रबुद्ध नागरिकों ने मंत्री के समक्ष ब्लॉक सड़क निर्माण की जगह तारकोल सड़क बनाने की बात रखी। इस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री रणबीर गंगवा ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को फोन मिलाकर निर्देश दिए कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाए। उन्होंने साफ कहा कि निर्माण कार्य में गति के साथ-साथ गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
पहले क्यों लिया गया था ब्लॉक बनाने का फैसला?
मंत्री रणबीर गंगवा ने स्पष्ट किया कि राजौंद को प्रदेश की ‘महाग्राम योजना’ में शामिल किया गया है, जिसके तहत 10 हजार या उससे अधिक आबादी वाले गांवों में शहरों की तर्ज पर सीवरेज और पेयजल जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं बिछाई जा रही हैं। राजौंद में हाल ही में सीवरेज लाइन बिछाने का काम पूरा हुआ है। सीवरेज के बाद मिट्टी बैठने और भविष्य में टूट-फूट की आशंका को देखते हुए शुरुआती तौर पर ब्लॉक सड़क बनाने की योजना बनाई गई थी ताकि जरूरत पड़ने पर मरम्मत आसान रहे। हालांकि, स्थानीय लोगों और पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा के आग्रह को देखते हुए अब इसे तारकोल से ही बनाने का फैसला लिया गया है।
प्रदेश में 30 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का जाल
लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि पूरे हरियाणा में उनका विभाग लगभग 30,717 किलोमीटर लंबी सड़कों का रखरखाव कर रहा है। इनमें से 16 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का पैचवर्क विभिन्न ठेका एजेंसियों के जरिए करवाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई एजेंसी तय मानकों के अनुसार कार्य नहीं करती है, तो उसकी बैंक गारंटी जब्त कर विभाग खुद काम पूरा करवाएगा। इसके अलावा, छह किलोमीटर वाली सड़कों को विशेष कारपेटिंग योजना में शामिल किया गया है।
सेवा संकल्प अभियान और अंत्योदय मेले
रणबीर गंगवा ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत ‘सेवा सेतु’ कार्यक्रम के माध्यम से सभी ब्लॉकों में अंत्योदय मेलों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने विश्राम गृह परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा ने जताया आभार
पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा ने राजौंद की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए तुरंत फैसला लेने पर लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के हर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का काम कर रही है।
इस अवसर पर नगर पालिका चेयरपर्सन बबीता, तुषार ढांडा, कर्मपाल, अरुण पंवार, कपिल दिक्षित, नफे सिंह, राजेश, कुशलपाल, मोकम, संदीप, लोकेश राणा, कुलविंदर, नीरज, कमल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें– कैथल में सड़क हादसे में 15 साल के स्कूली छात्र की मौत, सुबह की सैर पर निकले मासूम को बाइक ने मारी टक्कर
