Rewari Highway Accident: हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर शुक्रवार अलसुबह एक भयानक सड़क हादसा सामने आया। मसानी बैराज के समीप दो तेज रफ्तार ट्रालों के बीच हुई सीधी भिड़ंत के बाद एक वाहन में भयंकर आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ट्राले का चालक केबिन से बाहर निकलने तक का मौका नहीं पा सका और उसकी मौके पर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, दूसरे ट्राले का चालक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह दोनों ट्राले जयपुर से दिल्ली की दिशा में जा रहे थे। मसानी बैराज के पास पहुंचते ही आगे चल रहे ट्राले के चालक ने अचानक जोरदार ब्रेक लगा दिए। रफ्तार तेज होने के कारण पीछे से आ रहा ट्राला खुद पर नियंत्रण नहीं रख सका और आगे वाले वाहन से जा टकराया।
मशक्कत के बाद बुझी आग, मृतक चालक की शिनाख्त में जुटी पुलिस
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्राले के इंजन और केबिन में अचानक चिंगारी भड़क गई और देखते ही देखते पूरे वाहन को आग की ऊंची-ऊंची लपटों ने घेर लिया। हाईवे पर अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर दमकल की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और केबिन में फंसा चालक पूरी तरह झुलस चुका था।
धारूहेड़ा थाना प्रभारी फूल सिंह ने बताया कि तड़के हाईवे पर एक ट्राले में आग लगने और चालक की मौत की सूचना मिली थी। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन गाड़ी के मालिक से संपर्क कर परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयासों में जुटी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
आधे घंटे तक हाईवे पर लगा रहा लंबा जाम, ट्रैफिक पुलिस ने सुचारू कराया यातायात
दुर्घटना के बाद जलते ट्राले और सड़क पर बिखरे मलबे के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। देखते ही देखते सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और करीब आधे घंटे तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे करवाकर रास्ता साफ कराया। इसके बाद धीरे-धीरे हाईवे पर वाहनों का संचालन सामान्य हो सका। पुलिस का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें– Faridabad News: छात्रा के घर लटका मिला 10वीं के छात्र का शव, परिजनों का हंगामा, पुलिस पर पथराव

