Rewari News: हरियाणा के रेवाड़ी में शनिवार दोपहर बाद बावल विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार के सेक्टर-1 स्थित कार्यालय पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों के साथ हाथापाई की नौबत आ गई। ढाणी चांदपुर गांव के निवासी लंबे समय से जारी पानी की किल्लत और बदहाल गलियों की शिकायत दर्ज कराने विधायक दफ्तर पहुंचे थे। हालांकि, विधायक से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी, लेकिन इसके बाद जो घटनाक्रम घटा उसने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया।
विधायक के स्टाफ पर निलंबित सरपंच को बुलाने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि जब वे अपनी फरियाद लेकर दफ्तर में मौजूद स्टाफ के पास पहुंचे, तो समस्या का समाधान निकालने के बजाय विधायक के निजी सचिव ने फोन करके गांव के सस्पेंडेड सरपंच धर्मेंद्र को मौके पर ही बुला लिया। पीड़ित ग्रामीणों के अनुसार, सरपंच के पहुंचते ही बहस शुरू हो गई। आरोप है कि सस्पेंडेड सरपंच ने अपनी सत्ता की हनक दिखाते हुए शिकायत लेकर आई महिलाओं के साथ मारपीट और बदसलूकी की। मौके पर मौजूद एक युवक ने यह भी दावा किया कि आरोपी सरपंच ने उन्हें सरेआम गोली मारने की धमकी दी।
डायल 112 पर दी सूचना, दफ्तर के गेट पर धरने पर बैठीं महिलाएं
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल करके पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने जब स्थिति को संभालने की कोशिश की, तो आक्रोशित ग्रामीणों और महिलाओं ने विधायक कार्यालय के मुख्य द्वार पर ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठी महिलाओं का कहना है कि उनकी कॉलोनी वैध होने के बावजूद सरपंच चुनावी रंजिश और द्वेष भावना के कारण वहां विकास कार्य नहीं होने दे रहा है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सस्पेंड होने के बावजूद पंचायत का कामकाज वही असंवैधानिक रूप से चला रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, स्थिति पर नजर
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारी धरना दे रहे ग्रामीणों को शांत कराने और शिकायत के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दे रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, विधायक कार्यालय के बाहर जनप्रतिनिधि के सामने ही घटित इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित पक्ष की लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें– DCRUST Sonipat News: प्रोफेसर की करतूतों के खिलाफ कैंपस में प्रदर्शन, जानें क्या है पूरा मामला

