Rewari News: रेवाड़ी रोडवेज डिपो के अंतर्गत एक बड़ा प्रशासनिक एक्शन सामने आया है। रोडवेज बस का निर्धारित स्थान नारनौल की बजाय कुंड में रात्रि ठहराव करना ड्राइवर और कंडक्टर को भारी पड़ गया है।
रेवाड़ी रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक (जीएम) निरंजन कुमार ने नियमों की अवहेलना और अनुशासनहीनता के आरोप में दोनों कर्मचारियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। यह पूरी कार्रवाई नारनौल बस अड्डा इंचार्ज की आधिकारिक रिपोर्ट के आधार पर की गई है।

बस खराब होने का दिया हवाला, विभाग ने उठाए सवाल
कार्रवाई के बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने अपना पक्ष रखते हुए बस में तकनीकी खराबी आने का हवाला दिया है। उनका कहना है कि रात्रि ठहराव के लिए नारनौल जाते समय रास्ते में बस खराब हो गई थी, जिस वजह से उन्हें बस को कुंड में ही खड़ा करना पड़ा।
हालांकि, रोडवेज विभाग ने इस सफाई को सिरे से खारिज कर दिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यदि बस रास्ते में या निर्धारित स्थान पर पहुंचने से पहले खराब भी हो गई थी, तो इसकी सूचना तुरंत नारनौल बस अड्डा इंचार्ज या डिपो मुख्यालय को दी जानी चाहिए थी। कर्मचारियों ने अधिकारियों को किसी भी प्रकार की कोई सूचना नहीं दी, जिसे विभाग ने गंभीर लापरवाही माना है।
नाइट भत्ता मिलने के बावजूद नियमों की अनदेखी
रोडवेज प्रशासन की ओर से ड्राइवर और कंडक्टर को निर्धारित स्थान पर रात्रि ठहराव करने के एवज में नियमानुसार नाइट भत्ता और अन्य सुविधाएं दी जाती हैं। इसके बावजूद अपनी मर्जी से बस को दूसरे स्थान पर खड़ा करना सीधे तौर पर विभागीय अनुशासन के खिलाफ है।
रेवाड़ी डिपो के जीएम निरंजन कुमार ने दोटूक शब्दों में कहा है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या मनमानी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस तरह की अनियमितताओं से डिपो की पूरी कार्यप्रणाली और व्यवस्था प्रभावित होती है।
यह भी देखें – नारनौल और अटेली क्षेत्र के रेलयात्रियों के लिए बड़ी राहत, उदयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू

