Road Accident: यूपी के शामली में हादसा, गन्नौर के दो कांवड़िए बने शिकार, एक की मौके पर मौत, साथी की हालत गंभीर

यूपी के शामली में हादसा, गन्नौर के दो कांवड़िए बने शिकार, एक की मौके पर मौत
Road Accident: उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां हरियाणा के सोनीपत जिले स्थित गन्नौर के रहने वाले दो कांवड़िए भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। जानकारी के मुताबिक, गन्नौर निवासी कुणाल मलिक अपने साथी अक्षय के साथ मोटरसाइकिल पर हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे। दोनों कांवड़िए अपनी धुन में मंजिल की ओर बढ़ रहे थे कि शामली के आदर्श मंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत बनत चौराहे के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर ही थमीं सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कांवड़िए सड़क पर काफी दूर जा गिरे। हादसे में कुणाल मलिक को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। वहीं, उनका साथी अक्षय बुरी तरह जख्मी हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग और अन्य कांवड़िए तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने आनन-फानन में घायल अक्षय को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले जा रहे
हादसे की जानकारी मिलते ही शामली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मृतक कुणाल के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद से गन्नौर में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान के लिए बनत चौराहे व आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में 44.84 लाख वोटरों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी, चुनाव आयोग ने 8.91 लाख को भेजा नोटिस
